महिला कृषको को वैज्ञानिक प्राकृतिक खेती एवं मशरूम उत्पादन की दी गई जानकारी

पोषण वाटिका और कृषि आधारित उद्यमों से आय बढ़ाने के लिए किया प्रेरित

गरियाबंद – कृषि विज्ञान केन्द्र गरियाबंद द्वारा ग्राम कोकड़ी में महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीण महिला किसानों एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र की कृषि वैज्ञानिक डॉ. शालू अब्राहम ने फसल उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों एवं प्राकृतिक खेती के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को कृषि आधारित गतिविधियों के माध्यम से स्व-सहायता समूह स्तर पर उद्यम स्थापित करने तथा आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कीट वैज्ञानिक डॉ. ज्योति रमा ने धान की फसल में लगने वाले प्रमुख कीटों की पहचान, उनके प्रभावी प्रबंधन तथा फसल को कीटों से सुरक्षित रखने के वैज्ञानिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने मशरूम उत्पादन को आय का अतिरिक्त स्रोत बनाने की संभावनाओं से भी महिलाओं को अवगत कराया। उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. खुशबू साहू ने सब्जियों की वैज्ञानिक खेती, उन्नत उत्पादन तकनीकों एवं पोषण वाटिका के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पोषण वाटिका के माध्यम से विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन कर परिवार की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त उत्पादन का विक्रय कर आय में वृद्धि भी की जा सकती है। कार्यक्रम के माध्यम से महिला किसानों को कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को अपनाकर आय बढ़ाने, परिवार की पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर ग्राम की पूर्व सरपंच श्रीमती झारनी धु्रव सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।