गरियाबंद – कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री वरुण नागेश के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण केंद्र की टीम द्वारा बिटिया अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गरियाबंद की 30 बालिकाओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस पहल में बालिकाओं को शासकीय विभागों की कार्यप्रणाली, उनके अधिकारों, महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न सेवाओं से परिचित कराया गया।
इस दौरान बालिकाओं ने पुलिस विभाग, पुलिस थाना, श्रम विभाग, डाक विभाग एवं एकीकृत बाल संरक्षण योजना (आईसीपीएस) शाखा का अवलोकन किया। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने उन्हें विभागीय कार्यप्रणाली, सेवाओं एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बालिकाओं को विभिन्न विभागों की भूमिका और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं से जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री गरिमा दादर ने बालिकाओं को कानून-व्यवस्था, पुलिस की कार्यप्रणाली तथा महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। श्रम विभाग में श्रम पदाधिकारी सुश्री जयंती बंसल ने श्रमिकों के अधिकारों एवं विभागीय योजनाओं के बारे में बताया। वहीं, डाक विभाग में पीए श्री धनेश्वर साहू एवं नागेश्वर कुमार ने डाकघर की विभिन्न सेवाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। एकीकृत बाल संरक्षण योजना (आईसीपीएस) शाखा में जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री अनिल द्विवेदी ने बच्चों के अधिकारों, संरक्षण एवं सुरक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी प्रदान की। इस शैक्षणिक भ्रमण से बालिकाओं को शासकीय विभागों की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने तथा अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।
बिटिया अभियान के तहत 30 बालिकाओं ने किया सरकारी कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण
शासकीय विभागों की कार्यप्रणाली, अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी सेवाओं की दी गई जानकारी
