31 हजार क्विंटल से अधिक धान पहुँचा।
प्रमोद दुबे
महासमुंद – पिछले साल से रबी सीजन धान की खरीदी शुरू होने और किसानों को मंडी में उचित दाम मिलने से कृषि उपज मंडियों में धान की आवक बढ़ रही है। पिछले 24 दिनों में स्थानीय कृषि उपज मंडी में 31 हजार क्विंटल से अधिक धान पहुँच चुका है। बता दें कि खरीफ सीजन के धान को सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीदा जाता है। इसलिए किसानों को खरीफ सीजन का धान बेचने समस्या नहीं होती। वहीं रबी सीजन का धान बेचने के लिए किसानों को भटकना पड़ता था और औने-पौने दाम पर धान बेचने मजबूर थे। इस समस्या को देखते हुए पिछले वर्ष से पिटियाझर कृषि उपज मंडी में रबी सीजन के धान को बेचने की व्यवस्था की गई। पिटियाझर कृषि उपज मंडी के सचिव रामलाल साहू ने बताया कि नई कृषि उपज मंडी में 4 मई से धान की खरीदी शुरू हुई तब से आज तक 31 हजार 398 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। सोमवार को किसानों ने करीब 4800 कट्टा धान बेचा है। जो न्यूनतम 2070 और अधिकतम 2170 रुपए में पतला और मोटा धान की कीमत न्यूनतम मूल्य 1991 व अधिकतम मूल्य 1991 रुपए रहा। इस तरह किसानों को उपज का सही दाम प्राप्त हो रहा है। यहां व्यापारी और किसान आमने-सामने रहकर खरीदी विक्री करते हैं। व्यापारियों द्वारा बोली लगाकर धान खरीदा जाता है। इस व्यवस्था से किसानों को अब रबी सीजन के धान को बेचने की समस्या नहीं हो रही है। उन्हें अपने अनुसार दाम भी मिल रहा है।
फसल कटाई लगभग पूर्ण, बढ़ेगी धान की आवक
रबी फसल के धान बिक्री के लिए किसान पिटियाझर स्थित कृषि उपज मंडी पहुंच रहे हैं। शुरूआत में किसानों की संख्या कम थी। अब किसानों को जानकारी होने पर धीरे-धीरे संख्या में वृद्धि हो रही है। इधर, मुख्यालय के आस-पास लगे गांव बेमचा, लभरा, खरोरा, मचेवा, अरंड लाफिनखुर्द, लाफिनकला सहित अन्य गांवो में धान की कटाई लगभग पूरी हो चुकी है। इस कारण भी किसानों की संख्या बढ़ रही है। वहीं किसानों से लगातार अपील की जा रही है कि वे अपना उपज बेचने मंडी पहुंचीं। जिसका असर भी देखने को मिल रहा है।
