विद्यालय को भी प्रदान किया गया प्रमाणपत्र।
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ः- नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय विजय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल में ओजोन डे मनाया गया साथ ही भारत सरकार के द्वारा आयोजित राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

इस अवसर पर विगत 17 वर्षों से पर्यावरण के क्षेत्र में कार्यरत, राष्ट्रीय हरित वाहिनी के पूर्व जिला समन्वयक, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पूर्व व्याख्याता सतीश उपाध्याय, पर्यावरण हेतु समर्पित एवं पर्यावरण उत्थान हेतु प्रख्यात व समर्पित संस्था ग्रीनवैली के समर्पित सदस्य व नगरपालिका सूरजपुर में पदस्थ उपअभियंता बसंत जायसवाल,सतीश सिंह एवं नरोत्तम शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अतिथियों का स्वागत संस्था के सचिव संजय सेंगर ने तिलक लगा व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर किया। सतीश उपाध्याय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हम सभी को गंभीर रूप से जागरूक होकर कार्य करना होगा,इसके लिये आवश्यक है कि हम देश-दुनिया के भविष्य हमारे बच्चों को जागरूक करें और उन्हें पर्यावरण संरक्षण की शिक्षा प्रदान करें और ना सिर्फ शिक्षा प्रदान करने वरन उन्हें इस क्षेत्र में कार्य करने हेतु प्रेरित भी करें।बसंत जायसवाल ने कहा कि सबसे पहले तो हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए क्योंकि प्रकृति के द्वारा हम सभी को अनेकों अमूल्य वरदानों से नवाजा गया है।

हमारा कर्तव्य है कि हम उसको सुरक्षित रखते हुए उसका सदुपयोग करें और यह तभी संभव है जब हम पर्यावरण की सुरक्षा के लिए समर्पित होंगे।पर्यावरण को सुरक्षित रखकर ही हम प्रकृति के ऋण को चुकाने का प्रयास कर सकते हैं।सतीश सिंह व नरोत्तम शर्मा ने भी पर्यावरण संरक्षण के महत्व को बताते हुए कहा कि इस ओजोन डे को मनाने का उद्देश्य भी इसी बात पर निर्भर करता है। पर्यावरण प्रदूषण के कारण ही ओजोन की परत क्षतिग्रस्त होती है, जो कि हम मनुष्यों के लिए हानिकारक है अतः आवश्यक है कि हम पर्यावरण को सुरक्षित रखें। इसके लिए अति आवश्यक है कि हम सभी ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करें और उन्हें सुरक्षा प्रदान करें।

कार्यक्रम के अंतर्गत भारत सरकार के द्वारा आयोजित राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता 2023 का आयोजन किया गया था जिसमें संस्था विजय इंग्लिश मीडियम हायर सेकण्डरी स्कूल मनेन्द्रगढ़ के विद्यार्थियों व शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया।कार्यक्रम के अंत में संस्था की शिक्षिका अरूणिमा सिंह द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षक शिक्षिकाओं व बच्चों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया गया।कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के शिक्षक निशान्त मौर्य ने किया।इस अवसर पर संस्था के शिक्षक-शिक्षिका अरूणिमा सिंह, राकेश मिश्रा, निशान्त मौर्य, पूनम सोरेन, पूजा यादव, प्रियंका मण्डल,नेहा सिंह व विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
