
नवापारा-राजिम :- विश्व में आध्यात्म व धर्म के द्वारा सद्भावना, शांति, एकता की स्थापना करने हेतु अपना जीवन मानव सेवा में समर्पित कर सभी के जीवन को सही दिशा देने लाइट हाउस का कार्य करने वाले आध्यात्म जगत के फरिश्ते ब्रह्मा कुमार रामनाथ भाई का अंतरराष्ट्रीय ब्रह्मा कुमारी संस्थान के मुख्यालय माउंट आबू से 22 सितंबर को नवा पारा में आगमन हो रहा है। आप राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय स्तर पर अनेक सर्व धर्म सम्मेलन, सद्भाव सम्मेलन का आयोजन करते आ रहे हैं। वर्तमान में आप मुख्यालय संयोजक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मन की शांति के लिए राजयोग मेडिटेशन द्वारा भारत व विश्व के प्रमुख देश आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, थाईलैंड, अमेरिका, लंदन, फिजी, साउथ अफ्रीका आदि अनेक स्थानों का भ्रमण किया। आपके तीन दिन के प्रवास में अनेक कार्यक्रम में भाग लेंगे। स्थानीय ब्रह्मा कुमारी त्रिमूर्ति भवन के ग्लोबल पीस हाल में दिनांक 23 को संत सम्मेलन, दिनांक 24 को ब्रह्मा कुमारी भाई बहनों के योग साधना कार्यक्रम, दिनांक 25 को राजिम क्षेत्र के सर्व ब्रह्मा कुमारी साधक बहनों के आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप मे सभी को संबोधित करेंगे। इस के साथ ही ऋषिकूल सेवा संस्थान ट्रस्ट जोधपुर से आचार्य पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी श्री 1008 डॉक्टर शिव स्वरुपानंद सरस्वती जी महाराज का नगर आगमन इसी दिन शुक्रवार 22 सितंबर को हो रहा है। आप दोनों यहां होने वाले 23 सितंबर को ब्रह्मा कुमारी त्रिमूर्ति भवन ओम शांति कॉलोनी में विराट संत सम्मेलन में अपने मुख्य वक्ता मुख्य अतिथि के तौर पर आ रहे हैं। आपके एक दिन का प्रवास रहेगा जिससे शहर की सभी धर्म प्रेमी जनता को अपने अनुभवयुक्त विचारों से वर्तमान समय हो रहे विश्व व जीवन के बदलते परिस्थितियों में कैसे अपने जीवन में समता, संतुष्टता, सद्भावना कायम कर सके। इन पर आप दोनों महान दिव्य आत्माओं का दिव्य उद्बोधन रहेगा। यह जानकारी सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्मा कुमारी पुष्पा बहन ने नगर वासियों को संबोधित करते हुए दी।
