शासकीय वीर सुरेन्द्र साय महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
एक यूनिट रक्त से बचाई जा सकती है तीन लोगों की जान, सीएमएचओ ने किया रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन
गरियाबंद – कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न के मार्गदर्शन में जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने तथा नियमित रक्त की आवश्यकता की पूर्ति के उद्देश्य से 26 नवंबर 2026 को शासकीय वीर सुरेन्द्र साय महाविद्यालय, गरियाबंद में रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय गरियाबंद के ब्लड बैंक की टीम द्वारा किया गया। इसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 30 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक स्वस्थ व्यक्ति वर्ष में 3 से 4 बार रक्तदान कर सकता है तथा एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्वैच्छिक एवं सुरक्षित रक्तदान के प्रति जागरूक रहने की अपील की। इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी डॉ. ए.के. हुमने, डॉ. सी.एल. तारक, डॉ. नीलाम्बर पटेल, चंद्रभान पटेल, रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. सत्यम कुम्भकार, डॉ. गोमती रानी चंद्राकर, लालजी साहू, टीकेश साहू, रवि यादव, शेषनारायण सिन्हा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
