कोंडागांव – भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा कोंडागांव जिले के सुदूर ग्राम खड़पड़ी में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर विशेष प्रचार एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत खड़पड़ी के सरपंच रायधर कोर्राम, परियोजना अधिकारी मनीष मेश्राम, प्रभारी कार्यशाला आमिर भंडारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता से हुई। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना तथा स्वस्थ आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। इसके बाद महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से प्रतिभागियों को पोषण, संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं तथा सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। केंद्रीय संचार ब्यूरो के बी. एस. ध्रुव ने 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्यों एवं महत्व की जानकारी देते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित पोषण, बच्चों की देखभाल तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्रामीणों को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर पोषण आहार स्टॉल भी लगाया गया, जिसमें विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों से पौष्टिक आहार तैयार करने तथा बच्चों एवं महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने की जानकारी दी गई। स्वस्थ शिशु एवं कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से अतिथियों एवं प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा जनभागीदारी के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
