बीईओ कार्यालय की लापरवाही से शिक्षकों का वेतन लंबित, परिवारों पर बढ़ा आर्थिक संकट – सुनील कुमार पाण्डेय

बिलासपुर – सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला बिलासपुर के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय ने बीईओ कार्यालय की कार्यशैली पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि आज दिनांक तक अनेक शिक्षकों का वेतन जारी नहीं किया गया है। यह स्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

श्री पाण्डेय ने कहा कि अधिकांश शिक्षकों ने अपने परिवार की आवश्यकताओं के लिए होम लोन, वाहन ऋण तथा अन्य बैंक ऋण लिए हुए हैं। प्रत्येक माह बैंक की ईएमआई समय पर जमा करना उनकी मजबूरी है। वेतन समय पर न मिलने से शिक्षकों पर अतिरिक्त ब्याज, पेनाल्टी और आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। बच्चों की शिक्षा, घरेलू खर्च, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यकताओं का निर्वहन भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यालयों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। यह स्थिति न केवल शिक्षकों के सम्मान के विपरीत है, बल्कि उनके मनोबल को भी प्रभावित करती है।

सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला बिलासपुर मांग करता है कि बीईओ कार्यालय लंबित वेतन भुगतान की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करे तथा भविष्य में किसी भी शिक्षक का वेतन अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो संगठन शिक्षकों के हित में लोकतांत्रिक एवं वैधानिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।

जारीकर्ता:

सुनील कुमार पाण्डेय

जिला अध्यक्ष

सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन

जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)