पखांजूर में भारी वाहनों के आवागमन पर रोक की मांग, उपाध्यक्ष शंकर सरकार ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

पखांजूर (कांकेर) – नगर पंचायत पखांजूर के उपाध्यक्ष शंकर सरकार ने क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्याओं और संभावित दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कलेक्टर कांकेर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि महाराष्ट्र राज्य के सूरजागढ़ खदान से आने-जाने वाले भारी वाहनों का परिवहन नगर पंचायत पखांजूर के मुख्य मार्ग से प्रतिबंधित किया जाए।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पखांजूर नगर पंचायत के मध्य से होकर भानुप्रतापपुर की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग अत्यंत व्यस्त है। इस मार्ग पर शासकीय प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय संचालित हैं, साथ ही निजी अस्पताल, नया एवं पुराना बाजार भी स्थित है। सुबह से लेकर देर शाम तक इस मार्ग पर आमजन, छात्र-छात्राओं और वाहन चालकों की भारी आवाजाही बनी रहती है।शंकर सरकार ने बताया कि खदान से जुड़े भारी वाहन जब इस मार्ग से गुजरते हैं, तो आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों के लिए यह मार्ग जोखिमभरा बन गया है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा सड़क की स्थिति भी जर्जर बताई गई है, जिससे भारी वाहनों का आवागमन और अधिक खतरनाक हो जाता है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए यदि तत्काल उचित कदम नहीं उठाए गए, तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नगर पंचायत क्षेत्र के भीतर से खदान के भारी वाहनों के आवागमन पर शीघ्र प्रतिबंध लगाया जाए या वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया जाए।इस दौरान उन्होंने जनहित को सर्वोपरि बताते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि पखांजूर के नागरिकों को राहत मिल सके।