पखांजूर (कांकेर) – क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच जहां आमतौर पर सड़कें जर्जर हो जाती हैं और आवागमन बाधित हो जाता है, वहीं सूरजगढ़ माइंस प्रबंधन द्वारा जनहित में एक सराहनीय पहल देखने को मिल रही है। पखांजूर से संगम मार्ग पर सड़क मरम्मत का कार्य इन दिनों तेज गति से जारी है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, माइंस प्रबंधन द्वारा केवल उन्हीं मार्गों पर मरम्मत कार्य नहीं किया जा रहा है, जहां से उनके भारी वाहन गुजरते हैं, बल्कि ऐसे मार्गों को भी प्राथमिकता दी जा रही है जिनका उपयोग केवल स्थानीय ग्रामीण करते हैं। यह कदम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों द्वारा इसकी खुलकर सराहना की जा रही है।बरसात के मौसम में पखांजूर-संगम मार्ग की हालत काफी खराब हो जाती थी। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो जाते थे, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहता था।मगर अब सूरजगढ़ माइंस प्रबंधन द्वारा इन गड्ढों को भरकर सड़क को समतल किया जा रहा है, जिससे आवागमन पहले की तुलना में काफी सुगम हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से वे इस समस्या से जूझ रहे थे, लेकिन अब जाकर उन्हें राहत मिली है।स्थानीय लोगों के अनुसार, माइंस प्रशासन का यह कदम न केवल सराहनीय है, बल्कि अन्य संस्थानों के लिए भी एक प्रेरणा है कि वे भी सामाजिक दायित्व निभाते हुए आम जनता की समस्याओं के समाधान में आगे आएं।
इस पहल के बाद पखांजूर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है और ग्रामीणों को उम्मीद है कि भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्य लगातार जारी रहेंगे।
