ट्रेड एक्सपो नाम की कंपनी ले डूबी सबकी सम्पत्ति।
राजिम – राजिम नवापारा क्षेत्र के लोगों से एप से पैसे कमाने का लालच देकर 5 करोड़ से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया है। लगभग 200 लोगों ने लालच में आकर अपनी जमा पूंजी इसमें लगा दी। जब पीड़ितों को मुनाफा नहीं मिला तब ठगी का अहसास हुआ। जिसके बाद पीड़ितों ने राजिम थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। राजिम पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़ित चन्द्रभान साहू, मेघ राज साहू, हुलास साहू, भूपेन्द्र साहू, जितेश्वर साहू, हेमंत साहू सहित अन्य लोगों ने राजिम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि ऑन लाइन एवं नगद राशि लेकर राजाराम तारक निवासी गरियाबंद कोकड़ी तामासिवनी, शरदचंद शर्मा निवासी रायपुर महादेव घाट अमलेश्वर, यशवंत नाग शिक्षक व अधीक्षक निवासी पीपरछेडी गरियाबंद, कमलेश साहू भाठापारा जिला बलौदाबाजार द्वारा ट्रेड एक्सपो कम्पनी बनाकर यु ट्यूब एवं जूम मिटिंग के माध्यम से फर्जी कम्पनी को प्रमोट किया गया। आरोपियों ने पीड़ितों को कम्पनी से प्रतिदिन एक परसेंट प्रॉफिट का लालच दिया। जिससे शिकायतकर्ताओं सहित लगभग 200 लोग इनके झांसे में आ गए। लोगों ने अपनी जमा पूंजी, ब्याज में पैसे लेकर और कुछ ने तो खेत बेचकर भी 2 लाख से लेकर 40 लाख से भी ज्यादा की राशि उस ट्रेड एक्सपो कम्पनी में लगा दिए। इस पैसे का निवेश विदेशों में होने और उन्हे डालर में प्राफिट होने की बात कही गई थी। लोगों को कुछ माह तक मुनाफा मिलता देखकर कई शिक्षक, कर्मचारी और पुलिस वाले भी उनके झांसे में आ गए।
क्षेत्र में पहले भी 52 करोड़ से भी ज्यादा की ठगी
बता दें कि इलाके में इससे पहले भी 300 से ज्यादा लोगों के साथ चिटफंड कंपनियों ने दोगुनी राशि देने का लालच देकर 52 करोड़ रुपए से भी अधिक की ठगी की है। इसके बाद भी लोग सचेत न होकर लालच में ठगी के शिकार हो रहे हैं। पिछली सरकार में ऐसी कंपनियों में निवेश कर ठगी के शिकार होने वालों से दस्तावेज जमा कराए गए थे, यह कहकर कि राशि कंपनियों की संपत्ति को नीलाम कर लौटाई जाएगी। कुछ जिलों में कुछ राशि निवेशकों को लौटाई भी गई लेकिन यहां के निवेशकों को राहत नहीं मिली। खास बात यह है कि इस तरह की ठगी के शिकार पढ़े लिखे नौकरी पेशा लोग भी हो रहे हैं। इसके पहले भी करीब 52 करोड़ की ठगी हो चुकी है।
कंपनी पर दोष मढ़कर पल्ला झाड़ा
पीड़ितों ने बताया कि ये जो कंपनी है विदेशी कंपनी है जब लोगों को कई माह तक कोई मुनाफा नहीं आया तब उन्होंने आरोपियों से बात की। तो आरोपियों ने कंपनी पर दोष डालते हुए अपना पलड़ा झाड़ लिया। जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
जांच जारी, कार्रवाई होगी: एएसपी
इस मामले में जितेंद्र चंद्राकर एडिशनल एसपी गरियाबंद ने कहा कि कुछ संदेहियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी निकलेगा, उसके हिसाब से आगे कार्रवाई की जाएगी।

