चरमरा जाएगी शहर में साफ-सफाई, बिजली, पानी की व्यवस्था।
प्रमोद दुबे
महासमुंद – शहरी प्रशासन में समस्याएं कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। नगरीय निकाय के प्लेसमेंट कर्मचारी पहले ही हड़ताल पर हैं। सोमवार से स्वच्छता दीदियां भी हड़ताल पर चली गई और अब 6 सूत्रीय मांगें पूरी न होने से नाराज नगर पालिका के नियमित कर्मचारी अधिकारी एक बार फिर हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। नियमित कर्मचारी आज शाम चाबी सौंपकर 11 दिसंबर से हड़ताल पर चले जाएंगे। इन सभी की हड़ताल से शहर में साफ-सफाई, बिजली, पानी,टैक्स वसूली के साथ ही जनता के काम पूरी तरह ठप हो जाएंगे। बता दें कि नियमित कर्मचारियों की 6 सूत्रीय मांगों में लंबित वेतन भुगतान सहित 1 तारीख को ट्रेजरी के माध्यम से वेतन भुगतान, नगरीय निकायों में प्लेसमेंट ठेका पद्धति शीघ्र ही समाप्त करने, नगरीय निकायों में ओल्ड पेंशन योजना शीघ्र लागू करने, नगरीय निकायों में मृतक कर्मचारी के परिवार के सदस्यों को अनुकम्पा नियुक्ति दिए जाने, नगरीय निकायों में 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को शीघ्र पदोन्नत किए जाने, छठवें एवं सातवें वेतनमान की एरियर राशि का भुगतान शामिल है। नव नियुक्त कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष सुरेश तिवारी ने बताया कि इस संबंध में विभागीय मंत्री अरुण साहू ने विगत 26-27 सितंबर को समीक्षा बैठक में एक तारीख को वेतन भुगतान करने नगरीय निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिया था। बावजूद वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे नगरीय निकाय के कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने बताया कि समय पर वेतन की मांग को लेकर नवयुक्त कर्मचारी संगठन ने तीन दिवसीय हड़ताल दो दिवस में संचालक नगरीय प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया था। इसी कारण विभागीय मंत्री ने समय पर वेतन भुगतान हेतु नगर निगम एवं नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देशित किया था बावजूद समय पर वेतन भुगतान नहीं हो रहा है।
