भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी,कांग्रेसियों ने नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल का पुतला फूंका।

मनेंद्रगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल का पुतला दहन किया है। चंदेल के पुत्र पलाश चंदेल के खिलाफ आदिवासी महिला से दुष्कर्म के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।सभी कांग्रेसियों ने एक मत से कहा कि नारायण चंदेल को इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल पद से इस्तीफा दे देना चाहिये। पुतला दहन के दौरान कांग्रेसियों ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि बीजेपी केवल बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का नारा लगाती है लेकिन हकीकत इसके ठीक विपरीत है। वर्तमान परिदृश्य में ऐसा प्रतीत होता है कि प्रदेश में भाजपा से बेटी बचाओ अभियान चलाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

छत्तीसगढ़ में बीजेपी विधायक और विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बेटे पर रेप का आरोप लगा है। नेता प्रतिपक्ष के बेटे पलाश चंदेल के ऊपर रायपुर के महिला थाना में रेप की शिकायत दर्ज हुई है। महिला जांजगीर की रहने वाली है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है वहीं इस मामले के उजागर होने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा और नारायण चंदेल को पार्टी से निकालने की मांग की है। पुतला दहन के मौके पर भरतपुर सोनहत विधायक गुलाब कमरो, नगरपालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, राजेश शर्मा,बलदेव दास, रजनीश पाण्डेय, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, विष्णु दास, सुरेंद्र पाल माखीजा, हारून मेमन, स्वप्निल सिन्हा, हफीज मेमन, रामायण तिवारी, शगुफ्ता बक्श, रुक्मणि खोब्रागडे, यश ताम्रकार, करण रजक, मेहुल यादव के साथ काफी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।