पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का हुआ भव्य आयोजन
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल
जनकल्याण योजनाओं की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मोहा मन
गरियाबंद – छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज पुलिस परेड ग्राउंड गरियाबंद में जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गरियाबंद रिखीराम यादव सहित, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मीडियाप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने छत्तीसगढ़ का इतिहास और जिले की उपलब्धियों को विस्तार से बताया। साथ ही जिले में मौजूद वन संपदा, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के बारे में बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर राष्ट्रीय एवं राजकीय गीत का गायन कर किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री टंकराम वर्मा सहित उपस्थित अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री वर्मा ने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की जानकारी ली और आम नागरिकों से योजनाओं के लाभ के संबंध में चर्चा की। इस अवसर पर मंत्री श्री वर्मा ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सामग्री, उपकरण एवं चेक का वितरण भी किया। दिव्यांजनों को ट्राईसिकल वितरण किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक परिधानों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना जनता के लंबे संघर्ष और संकल्प का परिणाम है। आज 26 वर्ष की इस यात्रा में प्रदेश ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में देश व राज्य तेजी से आत्मनिर्भरता और समृद्धि की ओर अग्रसर है। उन्होंने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार जनकल्याण की योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने के लिए संकल्पित है। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ निर्माण का गौरवमयी प्रसंग रहा है। उन्होंने प्रदेश के इतिहास पुरुषों का उल्लेख करते हुए उनके राज्य निर्माण में योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश हमारे पुरखो के सपने को साकार करते हुए। प्रगति की ओर अग्रसर है। बहुत परिवर्तन देखने को मिल रहा है। गरियाबंद जिला विशेष महत्व रखता है। उन्होंने जिले के आदिवासी संस्कृति प्राकृतिक सौंदर्य का उल्लेख किया। भूतेश्वरनाथ मंदिर, जतमई धाम जैसे धार्मिक स्थलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नई सरकार द्वारा सभी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। सड़क, बिज़ली, पानी, चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी की गारंटी पूरी हो रही है। युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित किए जा रहे है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति का क्रियान्वयन किया जा रहा है। कृषको को सुविधा एवं योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। ग्राम सुराज की संकल्पना साकार होते जा रहा है। आदिवासी विकास प्राधिकरण प्रकोष्ठ का भी लाभ जिले को मिल रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद की समाप्ति से प्रदेश में खुशहाली की रफ्तार बढ़ी है। प्रदेश में औद्योगिक विकास भी तेजी से हो रहा है।
जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में राजिम विधायक श्री रोहित साहू ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और राज्य के गौरवशाली 26 वर्षों की यात्रा को जनसहभागिता एवं विकास की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हमारे सपनों का साकार रूप है, जिसने गाँव-गरीब, किसान, महिला एवं युवा वर्ग के उत्थान के लिए नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद गरियाबंद जिले ने शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। समारोह में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि पंचायत स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण विकास की गति और तेज हुई है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, जनपद पंचायत गरियाबंद अध्यक्ष श्री सोहन ध्रुव, राजिम नगर पालिका अध्यक्ष श्री महेश यादव, कोपरा नगर पंचायत अध्यक्ष श्री रूपनारायण साहू, जनपद देवभोग अध्यक्ष श्रीमती पदमलया निधि, नगर पालिका उपाध्यक्ष गरियाबंद श्री आसिफ मेमन, वरिष्ठ नागरिक श्री अनिल चन्द्राकर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती श्वेता शर्मा, वरिष्ठ नागरिक आशीष शर्मा, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चन्द्राकर सहित गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनधि, मीडिया प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी सहित दर्शकगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
