शिक्षक कर्मचारी संघ अपनी लम्बित मांगो को लेकर करेंगे एकदिवसीय धरना प्रदर्शन:- मंगलमूर्ति जिला अध्यक्ष शिक्षक संघ गरियाबन्द…

 

छुरा :- छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक कर्मचारी संघ अपनी दो सूत्रीय लंबित माँग पुरानी पेंशन एवं प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना को लेकर छग सरकार के खिलाफ आगामी 24 फरवरी को प्रदर्शन करेंगे। विदित हो अपने जन घोषणापत्र में पवित्र गंगाजल लेकर कर्मचारी हित में पुरानी पेंशन लागू करने का वचन देने वाली सरकार आधा कार्यकाल पूर्ण हो जाने के बाद भी वचन निभाने में असफल रही है।

इस संबंध में संगठन के गरियाबंद जिला अध्यक्ष मंगलमूर्ति ने बताया कि छग विद्यालयीन शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष संजय तिवारी के नेतृत्व में पुरानी पेंशन, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना, क्रमोन्नति, पदोन्नति, महंगाई भत्ता एवं अनुकम्पा नियुक्ति जैसे विषयो को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री तथा सचिव शिक्षा विभाग को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया है किंतु अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय न लिए जाने के विरोध में 24 फरवरी को गंगाजल तथा जन घोषणापत्र की कापी लेकर राजधानी रायपुर में प्रदेश के समस्त शिक्षक एक दिवसीय प्रदर्शन में भाग लेंगे और छग शासन से वादा निभाने हेतु माँग रखेंगे। जिलाध्यक्ष मंगलमूर्ति ने बताया कि 1998 से कार्यरत तथा अब तक पदोन्नति से वंचित सतत् संघर्षरत सहायक शिक्षको को नियमानुसार क्रमोन्नति की पात्रता है परंतु प्रशासनिक उदासीनता के चलते काफी संघर्ष एवं चुनौतियो का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं जिले के कई दिवंगत शिक्षको के आश्रितो को अनुकम्पा नियुक्ति हेतु भी काफी दिक्कतें आ रही है। शिक्षाकर्मी से पंचायत शिक्षक तत्पश्चात एल बी शिक्षक संवर्ग में संविलियन के बाद भी शिक्षकों की दशा में कोई विशेष फर्क नही आया है। प्रदेश के कुछ शिक्षक एल बी संवर्ग सेवानिवृत्त हो चुके हैं तथा कई सेवानिवृत्ति के काफी करीब हैं जिनको पुरानी पेंशन का वादा वर्तमान सरकार ने अपने जन घोषणा पत्र में किया था। कोरोना काल जैसे विषम परिस्थिति में भी अपने कर्तव्य निर्वहन करने वाले शिक्षक अब शासकीय सुविधाओ की उम्मीद लगाए हैं परंतु उनको अबतक केवल निराशा हाथ लगी है। जिले में वर्तमान में जारी अंशदायी पेंशन योजना के तहत शासन से प्राप्त अंशदान राशि अपर्याप्त बतायी जा रही है, इस तरह की कई विसंगतियाँ शासन के ढुलमुल रवैये से परिलक्षित हो रही है। कभी गुरूओ को गोविंद का दर्जा दिया जाने वाले देश में तथा समाज को दिशा प्रदान करने वाले प्रदेश के शिक्षक आज अपने ही दशा में सुधार के लिए शासन प्रशासन के सामने विरोध प्रदर्शन के लिए विवश हो रहे है। संगठन की ओर से जिला उपाध्यक्ष टंकेश्वर मरकाम, वि.खं.छुरा अध्यक्ष कन्हैया यादव, उपाध्यक्ष गौकरण बंजारे, बेदराम पटेल, टेप कुमार, चिरंजीव साहू, उत्तम पटेल, बंशीलाल, छगन देवांगन, दुलार राम, थरकेश, रेणुका देवांगन , श्यामकुमारी नेताम, धनेश्वरी मानिकपुरी आदि ने जिले के समस्त शिक्षको से अपने अधिकार की लड़ाई में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर महत्वपूर्ण योगदान दने की अपील की है।

 

 

समाचार विज्ञापन हेतु संपर्क करें खबर गंगा प्रधान संपादक अजय कुमार देवांगन मोबाइल नंबर 80 85 27 69 93 पल-पल की हर पल की खबर के लिए अपना खबर गंगा में पढ़िए।

राजिम गरियाबंद से प्रकाशित सप्ताहिक खबर गंगा वेब चैनल में पढ़ें है धार्मिक राजनीतिक साहित्यिक व अन्य समाचार पल-पल की खबर।