प्रमोद दुबे
महासमुंद – भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक देवेंद्र चंद्राकर ने कहा कि एक-दूसरे को चोर बताने वाले नेता व दल आज इंडी अलायंस गठबंधन बनाकर एक साथ खड़े होने का ढोंग रच रहे हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी कांग्रेस को भ्रष्टाचारी पार्टी बताती है और कांग्रेस आम आदमी पार्टी को। इसी तरह पूर्ववर्ती चुनावों में यूपी में सपा ने कांग्रेस को बूढ़ी व कमजोर तक की संज्ञा दे दी थी। सत्ता के लालच में सभी भ्रष्टाचारी एक हो गए हैं। इनका भ्रम 4 जून को टूटने वाला है। 4 जून के बाद गठबंधन बिखर जाएगा और फिर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो जाएगा। देवेंद्र ने कहा कि अभी तक के चुनावी रुझान को देखते हुए तस्वीर साफ है कि एक बार फिर से मोदी सरकार आने वाली है। चुनावी नतीजों के बाद नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन का एक ही उद्देश्य है, मोदी को सत्ता से हटाना और जब सरकार बन जाए तो देश को लूटना। पूरे देश में पीएम नरेंद्र मोदी के सामने प्रधानमंत्री उम्मीदवार का कोई चेहरा इंडिया गठबंधन ने सामने नहीं लाया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोलते हैं यदि तीसरी बार मोदी प्रधानमंत्री बन गए तो सनातन की सत्ता आ जाएगी। तो उन्हें ज्ञात होना चाहिए
कि 100 करोड़ से अधिक आबादी सनातनी हैं। सनातन के बिना मानवता की कल्पना नहीं की जा सकती। सनातन और भारत अलग नहीं है। सनातन के जितने भी सूत्र हैं, पूरी दुनिया उसको फॉलो कर रही है। इंडी अलाएंस वालों को राम, अयोध्या और हिंदू शब्द से चिढ़ है। देवेंद्र ने कहा कि भारत के 100 करोड़ सनातनियों का आशीर्वाद नरेंद्र मोदी को मिल रहा है। उनके कार्य व नेतृत्व क्षमता का लोहा विश्व के तमाम विकसित देश मान रहा है। देशहित में किए गए कार्यों व गरीब कल्याण की योजनाओं से मोदी की लोकप्रियता शिखर पर है।
