
कामां :- कहते हैं कि किसी के अंदर कोई अगर प्रतिभा है और उस प्रतिभा को कोई भी अगर रोकने का प्रयास करे तो प्रतिभा मरती नहीं है। बल्कि प्रतिभा के मन में कुछ ऐसा जज्बा और जोश पैदा होता है कि वो पूरी मेहनत लगन शिद्दत के साथ कुछ भी कर गुजरती है। ऐसा ही कुछ वाकया कामां के कवि डी के जैन मित्तल के साथ हुआ। यहां के चंद लोगों ने उन्हें हतोत्साहित करने का पूरा प्रयास किया लेकिन इससे कवि डी के जैन के मन में एक जुनून सवार हो गया कि अब मुझे इस कविता के क्षेत्र में कुछ ऐसा अच्छा करना है जिससे उनके कस्बे का नाम रोशन हो।

उन्हें देश के सर्वाधिक लोकप्रिय कविता के शो “वाह भाई वाह” में राष्ट्रीय टीवी चैनल पर अंतर्राष्ट्रीय कवि सुपरस्टार तारक मेहता फेम शैलेष लोढ़ा के द्वारा एपिसोड की शूटिंग के लिए आमंत्रित किया गया। जिसका प्रसारण शेमारू टीवी चैनल पर 24 फरवरी को हुआ। जिसे देश और विदेश के करोड़ों दर्शकों ने टीवी पर देखा और पूरे देश भर से उनको बधाई के संदेश मिलने लगे और उनको वाह भाई वाह फेम मिला। उसके बाद इन्हें हिंदी साहित्य अकादमी के तत्वाधान में अंतरराष्ट्रीय स्टार पोएट डॉ अनामिका जैन अंबर और डॉ सौरभ जैन सुमन द्वारा देश भर से “मयराष्ट्र नवरत्न काव्य चेतना सम्मान” के लिए चुनकर आमंत्रित किया गया। जहां उन्हें डॉ हरिओम पंवार सहित तमाम दिग्गज हस्तियों के द्वारा एक भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया। कवि डी के जैन मित्तल देश के वरिष्ठ कवियों के साथ बड़े मंचों पर भी काव्य पाठ कर चुके हैं।

कामां जैन समाज के द्वारा 29 सितंबर को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में जैन समाज कामां के पदाधिकारियों के द्वारा कवि डी के जैन मित्तल को उत्तरीय ओढ़ाकर माला, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम के समन्वयक गौरव जैन निक्की ने बताया कि इस प्रतिभा सम्मान समारोह में 10th एवं 12th में 90% से अधिक मार्क्स लाने वाले बच्चे, सरकारी नौकरी या उच्च सेवाओं में लगे हुए युवाओं, शिक्षा साहित्य किसी भी क्षेत्र में विशेष उपलब्धि पाने वाले बच्चों युवाओं एवं भगवान का अभिषेक करने वाले छोटे- छोटे बच्चों आदि को चयनित कर समाज द्वारा सम्मानित किया गया है। यह कार्यक्रम पहले 4 अप्रैल को महावीर जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित होना था किन्हीं कारणों से नहीं हो पाया था अतः 29 सितंबर को क्षमा वाणी पर्व की पूर्व संध्या पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
