
महासमुंद :- कांग्रेस नेत्री और नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर द्वारा ” राज्य सरकार केंद्र के सहयोग के बिना धान खरीदी नहीं कर सकती” वाले बयान पर अजय चंद्राकर पर सीधा हमला बोला है। राशि महिलांग ने भाजपा के पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के बयान को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि चंद्राकर को बयान देने से पहले सोचना चाहिए। उन्हें शायद भूलने की बीमारी है। उन्होंने चंद्राकर को याद दिलाते हुए कहा कि साल 2014 से केंद्र में उनकी यानी भाजपा के मोदी जी की सरकार है और 2018 तक राज्य में भाजपा की ही सरकार थी। केंद्र में भी सरकार रहते हुए किसानों का धान समर्थन मूल्य में नहीं खरीद पाई और न ही किसानों को बोनस दे पाई। किसानों के 20 किंवटल प्रति एकड़ की दर से धान खरीदी की मांग को भी भाजपा सरकार रहते हुए पूरा नहीं कर पाई। आज जब राज्य में कांग्रेस की भूपेश सरकार किसानों का धान समर्थन मूल्य में खरीदने के साथ उन्हें नियमित रूप से बोनस भी दे रही है तो भाजपा नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है। चुनाव आते ही भाजपा नेता बयान दे रहे कि राज्य में 80 फीसदी धान खरीदी केंद्र सरकार करती है। केंद्र सरकार के सहयोग के बिना राज्य सरकार धान खरीदी नहीं कर सकती। सोमवार को रायपुर भाजपा कार्यालय में पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने प्रेसवार्ता में यह बयान दिया है। महिलांग ने कहा पूर्व मंत्री श्री चंद्राकर को बयान देने से पूर्व अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए। केंद्र में उनकी सरकार रहते हुए क्यों वे छग के किसानों का धान समर्थन मूल्य पर नहीं खरीद पाएं। क्यों घोषणा के बाद भी चार सालों तक किसानों को बोनस नहीं दे पाये।
