जर्जर उप डाकघर में करोड़ों का लेनदेन l 

संवाददाता राजेंद्र साहू मगरलोड

मगरलोड :- ब्लॉक मुख्यालय के हृदय स्थल पर उप डाकघर विगत 13 वर्षों से जनपद पंचायत की जर्जर भवन में किराए पर संचालित है। केंद्र एवं राज्य शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का करोड़ों रूपए का लेनदेन हो रहा है। मगरलोड ब्लॉक में अकेला उप डाकघर अंतर्गत 9 शाखाएं एवम 80 गांव के उपभोक्ता लाभान्वित हो रहे है। केंद्र शासन के अधीनस्थ उप डाकघर स्वयं के भवन के अभाव में जर्जर भवन में किराए पर संचालित है। उप डाकघर से प्राप्त जानकारी अनुसार जनपद पंचायत के जर्जर भवन को 25 सौ रूपये मासिक किराए पर लिया गया है। भवन की जर्जरता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भवन में लगे खपरैल और फर्नीचर टूटा फूटा हुआ है। बरसात के दिनों में पानी टपकने के कारण कर्मचारियों को शासकीय काम करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उप डाकघर में काम कर रहे है अधिकारी कर्मचारी शासकीय कार्य को सुचारू रूप से संचालन करने के लिए खपरैल के ऊपर त्रिपाल ढक कर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे है। जर्जर भवन की खपरैल, फर्नीचर कभी भी भरभरा कर नीचे गिर सकता है। जिससे भविष्य में अनहोनी घटना होने की संभावना बनी हुई है। केंद्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना सहित अन्य वित्तीय लेनदेन डाकघर से संचालित हो रही है। मगरलोड उप डाकघर में प्रधानमंत्री सम्मान निधि के लगभग एक हजार खाता धारी किसान है। प्रतिदिन 10 लाख रूपये एवम माह में 3 करोड़ रूपए का वित्तीय लेनदेन होता है। 25 से 30 हजार बचत खाता धारी है। सुकन्या योजना के तहत लगभग 4 हजार हितग्राही लाभान्वित है। इसके अलावा आधार कार्ड बनने व लिंक की सुविधा उपलब्ध है। जनहित को देखते हुए उप डाकघर को स्वयं की भवन के लिए प्रबलता दिया जा सकता है। झोपड़ीनुमा,खपरैल जर्जर भवन के कारण शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को संचालन करने में थोड़ी दिक्कत हो रही है।