रेत से भरी ट्रक से युवक की मौत, लोगों ने ट्रक में लगाई आग।

धमतरी :– केरेगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत सलोनी में रेत से भरे ट्रक ने युवक को ठोकर मार दी, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित कुछ लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना पर केरेगांव पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम लगभग 6 बजे पाहंदा से महाराष्ट्र पासिंग की ट्रक MH37 T 7711 रेत भरकर आ रही थी। तभी सलोनी के पास बाइक में सवार छुही निवासी जगन्नाथ ध्रुव 21 वर्ष पिता स्व फत्ते लाल ध्रुव को ट्रक ने ठोकर मार दी। जिससे जगन्नाथ की मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना पर धमतरी से फायर ब्रिगेड भेजा गया जो मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया तब तक ट्रक जलकर खाक हो गया था। केरेगांव थाना प्रभारी संतोष साहू ने बताया कि ट्रक से एक्सीडेंट होने पर युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ड्राइवर फरार हो गया है।

घटना से आक्रोशित कुछ लोगों ने आग लगा दी है। आगे की जांच की जा रही है। ज्ञात हो कि धमतरी जिले में रेत से भरे हाईवा और ट्रक से हमेशा खतरा बना रहता है। चाहे वह धमतरी शहर की बात हो या फिर ग्रामीण क्षेत्रों की। सड़क से गुजरते वक्त लोगों की जान पर बन आती है। इस मामले में जिला प्रशासन के साथ खनिज विभाग को भी कई बार शिकायत की जाती है, लेकिन खानापूर्ति के लिए ही कार्यवाही होती है।