स्वच्छता महाअभियान का तीसरा पड़ाव, कार्य सरोवर मार्ग स्थित सरोवर की स्वच्छता।

सुरेन्द्र मिनोचा:


मनेन्द्रगढ़ :- सुबह का वक्त उस पर भी रविवार का दिन भला ऐसे मे कौन अपनी नींद खराब करना चाहेगा? लेकिन मनेन्द्रगढ़ मे चल रहे सरोवर स्वच्छता अभियान मे शामिल होने वाले लोगों के लिए रविवार मानो स्वच्छता का दिन बन गया है और यही वजह है कि इस महाअभियान मे रविवार की सुबह से ही लोगों का हुजूम तालाब की सफाई के लिए उमड़ पड़ा।

सुबह 7.00 बजते ही तालाब के पास नगर के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। कोई अपने हाथ मे तगारी और फावड़ा लेकर आ रहा था तो कोई तालाब मे जलकुंभी निकालने के लिए लोहे का बना पंजा लेकर अपने घर से आया हुआ था,किसी के हाथ मे कचरे को उठाने के लिए बोरियां थी तो कोई घर से पुरानी मच्छरदानी ही लेकर आ गया।ना किसी का मार्गदर्शन, ना कोई दिखावा, सब अपने आप आकर अपने अपने काम में जुट गए। कोई लोहे का पंजा लेकर घाटों के किनारे पड़ी जलकुंभी व कचरे को निकालने लगा, तो कोई घाट पर जमा कचरा समेटकर एक जगह करने लगा।

सरोवर स्वच्छता महाअभियान के तीसरे रविवार को कुछ नए लोग भी शामिल हुए, सभी ने एकजुटता दिखाते हुए सफाई अभियान मे बढ़-चढ़कर भाग लिया, कुछ लोग सरोवर के बाहर सफाई मे जुटे हुए थे तो कुछ लोग तालाब के अंदर जाकर कचरा बाहर निकाल रहे थे। अभियान मे युवाओं के साथ ही साथ छोटे बच्चों ने भी स्वच्छता का जिम्मा बखूबी निभाया। रेल्वे स्टेशन के नजदीक स्थित इस तालाब की अपनी मान्यता है। छठ के अवसर पर यहां अपार जन समुदाय एकत्रित होता है, तो वहीं नगर मे बैठने वाली सभी देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन भी इसी तालाब में होता है। धार्मिक महत्व के इस तालाब के किनारे कई देवी-देवताओं के मंदिर बने हुए हैं लेकिन इतना होने के बावजूद भी साफ सफाई के अभाव और आम नागरिकों की अनदेखी के चलते यह तालाब पूरी तरह से कचरे का अंबार बनकर रह गया था, कचरा जमा हो जाने के कारण तालाब से उठने वाली दुर्गंध से आसपास रहने वाले लोगों को भी काफी मुश्किलें उठानी पड़ रही थी, कई बार इस संबंध मे यहां के लोगों ने स्थानीय प्रशासन का ध्यान आकर्षण भी कराया लेकिन किसी तरह की पहल ना होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही थी, इस तालाब की गंदगी के विषय मे कई बार समाचार का प्रकाशन कर स्थानीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का भी ध्यान आकर्षण कराया गया। जिम्मेदार लोगों ने ध्यान तो नहीं दिया लेकिन शहर के आम नागरिकों ने इस तालाब की सफाई का बीड़ा उठाया और बीते रविवार से सरोवर स्वच्छता अभियान की शुरुआत कर दी गई।

अभियान के तीसरे चरण मे सामाजिक कार्यकर्त्ता रामचरित द्विवेदी, पार्षद सरजू यादव, सभाजीत यादव, आकाश दुआ, मनोज अग्रवाल, रामधुन जायसवाल, नरेंद्र जीत सिंह रैना, उमेश कुमार कुशवाहा,दिनेश गुप्ता, दिव्यमाया कुशवाहा, संजय समुंद्रे, अंकुर जैन, शिव रैकवार, अनंत विश्वकर्मा, रितेश ताम्रकार, धीरज जैन, रवि सिंह, कृष्ण कुमार अग्रवाल, दिनेश द्विवेदी, दिलीप नायर, हेंनंद विश्वकर्मा समेत आमजन काफी संख्या मे मौजूद रहे। अभियान के चौथे चरण की शुरुआत आगामी 28 मई रविवार को प्रातः 7.00 बजे होगी।