डीएफओ ने किया वन परिक्षेत्र प्रतापपुर का दौरा।

प्रतापपुर :- सूरजपुर जिले के डीएफओ संजय यादव ने वन परिक्षेत्र प्रतापपुर का दौरा कर वन विभाग द्वारा विभिन्न वन क्षेत्रों में कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इसी क्रम में वन क्षेत्र सकलपुर, सोनगरा व बंशीपुर में 60 व 50 हेक्टेयर में वन विभाग द्वारा कराए जा रहे वृक्षारोपण के कार्य, वन क्षेत्र में आने वाली पार्वतीपुर की स्थाई नर्सरी तथा भू जल संवर्धन के लिए बनाए जा रहे गड्ढों का निरीक्षण करते हुए प्रतापपुर के उप वन मंडलाधिकारी आशुतोष भगत व वन परिक्षेत्र अधिकारी विनय कुमार टंडन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत डीएफओ संजय यादव ने स्थानीय रेस्टहाउस में घुई वन परिक्षेत्र अधिकारी संस्कृति बार्ले व विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारियों की बैठक भी ली। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में वन क्षेत्रों में आने वाले वृक्षों की अवैध रूप से कटाई नहीं होनी चाहिए यदि कहीं ऐसा होता है। उन्होंने लकड़ी तस्करों पर सतत निगरानी रखने के कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वन क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए सभी उपाए करें लकड़ी की तस्करी में शामिल असामाजिक तत्वों पर बेखौफ होकर कार्रवाई करें। डीएफओ यादव ने हाथियों की आवाजाही पर भी गंभीरता से निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि हाथियों के लोकेशन की पूरी जानकारी रखें इसमें कोई कोताही नहीं होनी चाहिए तथा साथ ही हाथी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त जारी रखें। समय समय पर हाथियों की आवाजाही की सूचना वन क्षेत्रों में निवास करने वाले ग्रामीणों को देते रहें। उन्होंने हाथियों से हुई मौतों तथा फसलों को हुए नुकसान के मुआवजा प्रकरणों का भी जल्द निपटान करने के निर्देश दिए।