पाहंदा पंचायत सप्ताह में एक दिन ही खुलने का आरोप, ग्रामीण काम के लिए करते हैं इंतजार

अभनपुर/नयापारा :- पाहंदा, आरंग जिला रायपुर ग्राम पंचायत पाहंदा के ग्रामीणों ने पंचायत कार्यालय के नियमित रूप से नहीं खुलने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सप्ताह में केवल एक दिन खुलती है और कई बार कार्यालय चपरासी के भरोसे रहता है। ऐसे में ग्रामीणों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, मनरेगा सहित अन्य पंचायत संबंधी कार्यों के लिए पंचायत खुलने का इंतजार करना पड़ता है।

वहीं इस संबंध में पंचायत सचिव से फोन पर पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने ग्रामीणों के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि पंचायत रोज खुलती है। सचिव ने बताया कि वे अकोली सहित दूसरे गांव की पंचायत का काम भी देखते हैं।
इसी तरह सरपंच से फोन पर बात करने पर उन्होंने भी कहा कि पंचायत रोज खुलती है और ग्रामीणों द्वारा दी जा रही जानकारी सही नहीं है।हालांकि, गांव के कुछ दुकानदारों से बातचीत करने पर उन्होंने पंचायत के रोज नहीं खुलने की बात कही। उनका कहना है कि कई बार पंचायत कार्यालय बंद रहता है और जिस दिन खुलता है, उस दिन लोगों की भीड़ अधिक दिखाई देती है।
अब ग्रामीणों की मांग है कि जनपद पंचायत आरंग अथवा संबंधित अधिकारी पंचायत कार्यालय के खुलने और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच करें, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और ग्रामीणों को अपने जरूरी कामों के लिए परेशान न होना पड़े।