‘‘सुरक्षित आहार-हमर अधिकार‘‘ विशेष जांच अभियान जारी

बीजापुर – नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य में ‘‘सुरक्षित आहार-हमर अधिकार‘‘ विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सभी प्रकार के खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों जैसे- होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैफे, स्ट्रीट फूड वेंडर्स आदि में खाद्य सुरक्षा से जुड़े पैमानों को ठीक कराना एवं गंभीर अनियमितता पाये जाने पर संबंधित खाद्य कारोबार कर्ता के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करना है ताकि आम नागरिक को सुरक्षित एवं पोषण युक्त आहार प्राप्त हो सके। इस अभियान के तहत जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कर दी गई है जिसमें अभिहीत अधिकारी श्री डी. के. देवांगन द्वारा मेसर्स मां दंतेश्वरी ढाबा, मेसर्स संगवारी ढाबा, मेसर्स हॉट एण्ड ग्रील और मेसर्स इंडियन कॉफी वर्कर्स कोआपरेटिव सोसायटी लिमिटेड का निरीक्षण किया गया। मेसर्स मां दंतेश्वरी ढाबा में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई पाई गई परंतु खाद्य की सुरक्षा हेतु आवश्यक प्रबंधों में कुछ कमियां पाई गई। इसी तरह संगवारी ढाबा में साफ-सफाई और सामानों को रखने की व्यवस्था में कमी पाई गई, जिन्हें शीघ्र ही सुधारने के निर्देश दिया गया है। तथा मेसर्स हॉट एण्ड ग्रील एवं मेसर्स इंडियन काफी वर्कर्स में निरीक्षण के दौरान वहां कार्य करने वाले कर्मचारियों का मेडिकल सर्टिफिकेट एवं पानी का जांच रिपोर्ट नहीं पाया गया। इन्हें भी शीघ्र मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने व पानी का जांच कराने के निर्देश दिये गए हैं। अभियान के दौरान ही इन प्रतिष्ठानों का दोबारा जांच किया जाएगा एवं निर्देशों का पालन नहीं किये जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी।