अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, फिंगेश्वर में हाइवा जब्त

सरकड़ा पैरी नदी क्षेत्र में ग्रामीणों की मौजूदगी में की गई जांच, अवैध उत्खनन की शिकायत की हुई पड़ताल
गदहीडीह (गणेशपुर) रेत खदान क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान कार्रवाई
 जब्त वाहन थाना फिंगेश्वर और पाण्डुका की अभिरक्षा में

गरियाबंद -जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने छुरा एवं फिंगेश्वर क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच और औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान अवैध खनिज परिवहन करते पाए जाने पर दो हाईवा वाहनों को जब्त किया गया है। खनिज विभाग को 16 नवंबर 2026 को तहसील छुरा अंतर्गत ग्राम सरकड़ा के पैरी नदी क्षेत्र में रात के समय रेत के अवैध उत्खनन की शिकायत प्राप्त हुई थी। कलेक्टर के निर्देश पर विभागीय टीम ने ग्रामवासियों की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान मौके पर खनिज रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन बंद पाया गया। शिकायत के संबंध में ग्रामवासियों ने बताया कि रेत खदान प्रारंभ करने के लिए भूमिपूजन किया गया है, लेकिन अभी तक उत्खनन एवं परिवहन का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है।

फिंगेश्वर में अवैध परिवहन करते हाईवा जब्त –

इसी तरह विकासखंड फिंगेश्वर क्षेत्र में रात के समय रेत के अवैध उत्खनन की शिकायत पर 17 नवंबर 2026 को नगर पंचायत फिंगेश्वर अंतर्गत स्वीकृत रेत खदान गदहीडीह (गणेशपुर), सुखा नदी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक हाईवा वाहन जब्त कर सुरक्षार्थ थाना फिंगेश्वर की अभिरक्षा में रखा गया। इसके अलावा खनिज चूनापत्थर (निम्न श्रेणी) का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक अन्य हाईवा वाहन जब्त कर थाना पाण्डुका की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रभारी खनि अधिकारी गरियाबंद ने बताया कि खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बताया कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।