641 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क उपचार एवं दवाइयां दी गईं, 51 हितग्राहियों को मिले चश्मे
धमतरी – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम मोंगरागहन में विगत दिवस एक दिवसीय निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरुण टोडर तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रिया कंवर के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरा द्वारा आयोजित शिविर में कुल 641 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं।शिविर का शुभारंभ मुख्य आतिथ्य जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने किया । इस अवसर जिला पंचायत स्वास्थ्य सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन, जनपद सदस्य श्रीमती उर्वशी ध्रुव, मोंगरागहन सरपंच श्री शैलेष नाग, कोडेगांव सरपंच जितेंद्र सिन्हा, सरपंच श्रीमती सविता नेताम, अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष अहमद अली खान और गंगरेल महामंत्री चन्द्रहास जैन उपस्थिति थे ।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने कहा—स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच जरूरी जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य आमजन तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना तथा उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। स्वास्थ्य मानव जीवन की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के मेगा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इससे लोगों को अपने गांव के निकट ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, विभिन्न बीमारियों की जांच और निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। इससे समय पर बीमारी की पहचान होने के साथ ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आर्थिक स्थिति अथवा दूरी के कारण कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं, बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने टीबी जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच एवं पूरा उपचार कराने तथा स्वच्छता और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया।
श्री सार्वा ने स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जनसेवा की भावना से किया गया कार्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाने का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से स्वस्थ, जागरूक और सशक्त ग्रामीण समाज के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ ग्रामीणों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
विभिन्न रोगों के विशेषज्ञों ने की जांच
शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के अंतर्गत 220 मरीजों की जांच की गई। नेत्र रोग संबंधी जांच में 120 मरीज शामिल हुए, जिनमें से 51 जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। इसके अलावा दंत रोग के 83, आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श के 81, स्त्री रोग के 76, नाक-कान-गला रोग के 68, हड्डी रोग के 63 तथा शिशु रोग संबंधी जांच के लिए 50 मरीज पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
पैथोलॉजी जांच और रक्तचाप परीक्षण की सुविधा
शिविर स्थल पर पैथोलॉजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 109 मरीजों की शुगर, 102 की हीमोग्लोबिन, 100 की सिकलिंग, 15 की मलेरिया, 10 की ब्लड ग्रुप तथा 10 मरीजों की वीडीआरएल जांच की गई। सिकलिंग जांच में दो मरीज पॉजिटिव पाए गए। इसके अतिरिक्त 315 मरीजों का रक्तचाप परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य एवं जीवनशैली संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया।
टीबी मुक्त पंचायत, उत्कृष्ट मितानिनों और हितग्राहियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त ग्राम पंचायत मोंगरागहन तथा अरौद डूबान के सरपंच को गांधीजी की प्रतीक प्रतिमा प्रदान की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली छह मितानिनों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, दो टीबी मरीजों को फूड बास्केट तथा पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। जनप्रतिनिधियों को बांस से निर्मित कमल पुष्प और मेगा स्वास्थ्य शिविर के प्रतीक चिह्न भेंट किए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम का रहा महत्वपूर्ण योगदान
शिविर के सफल आयोजन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरुण टोडर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश साहू, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए. जे. खान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रिया कंवर, खंड कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती श्वेता परमार, खंड प्रशिक्षण अधिकारी श्री जे. एल. सिन्हा, ग्रामीण चिकित्सा सहायकों ज्वाला प्रसाद, गुरुशरण साहू, मुकेश साहू, गिरीश साहू, शंभू रजक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का सक्रिय योगदान रहा।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर से ग्रामीणों को गांव में ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं, जांच और निःशुल्क उपचार की सुविधा मिली।
