गौधाम निर्माण, पशु चिकित्सा सुविधा और पशु कल्याण से जुड़े कार्यों की हुई समीक्षा
गरियाबंद – कलेक्टर रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला पशु कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने, निराश्रित, वृद्ध एवं अशक्त पशुओं की देखभाल, गौधाम निर्माण तथा पशु चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सहित पशु कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को पशुओं के संरक्षण एवं देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में क्षेत्र के पशुओं के उपचार की व्यवस्था, उन्नत पशु प्रजनन सुविधा के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही राज्य गौ सेवा आयोग की अनुमति से संचालित शासकीय एवं अनुदान प्राप्त गौ सदनों की देखभाल और उनके समुचित संचालन के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर ने पालतू पशुओं के टीकाकरण और एंटी रेबीज कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि रेबीज जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को पशुओं का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा लोगों को रेबीज से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि पशुओं और आम नागरिकों दोनों को सुरक्षित रखा जा सके। कलेक्टर ने पशुधन के महत्व और पशुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही वृद्ध एवं अशक्त पशुओं के लिए गौधाम निर्माण, निराश्रित पशुओं के लिए उचित आश्रय तथा आवश्यकता के अनुसार पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पशु कल्याण समिति की पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन, आय-व्यय के विकासखंडवार विवरण, पंजीयन शुल्क एवं विभागीय सेवा शुल्क सहित अन्य विषयों की समीक्षा की गई। जिले के निर्वाचित विधायकों को समिति में पदेन सदस्य बनाए जाने संबंधी पूर्व में प्रेषित प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा समावेशी शिक्षा के अंतर्गत विशेष अभियान से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्णसिंह उके, पशु चिकित्सा विभाग के उपसंचालक ओपी तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
