महासमुंद – जनगणना 2027 द्वितीय चरण जनसंख्या गणना को संपादित करने हेतु कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा के मार्गदर्शन में जिला अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण 12 एवं 13 अक्टूबर 2026 को जिला पंचायत महासमुंद के सभा कक्ष में आयोजित है। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या जनगणना को संपादित करने हेतु कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा प्रशिक्षण में उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को गंभीरता से प्रशिक्षण लेने हेतु निर्देशित किया गया।
प्रथम दिवस प्रशिक्षण में बताया गया कि इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से होगी। मोबाइल एप के माध्यम से परिवार सूची, मकान सूची और जनसंख्या का डेटा एकत्र किया जाएगा। इसके आलावा प्रशिक्षक द्वारा जनगणना के कार्य, समन्वय, फील्ड ट्रेनर, टेक्निकल और क्लर्कियल सहायक को निर्धारित समय में प्रशिक्षण देना, सीएमएमएस पोर्टल में पंजीयन कराना, क्षेत्रीय टीम में मानव संसाधन की उपलब्धता, द्वितीय चरण के कार्य में पूर्व में कार्य कर चुके कर्मियों को प्राथमिकता से नियुक्त करने, नियुक्ति और पहचान पत्र जारी करना, आवश्यक सहायक सामग्री को उपलब्ध कराना, कार्य के लिए प्रगणक और सुपर वाइजर को जनगणना कार्य का शपथ दिलाना, मानदेय देना आदि की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षक ने चार्ज अधिकारियों को जनगणना संबंधी जानकारी को मीडिया और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्थानीय स्तर पर प्रचार प्रसार करने तथा भ्रामक जानकारी का खंडन जारी करने के निर्देश दिए ताकि आम जनता में अफवाह, भ्रामक और डर की स्थिति निर्मित नहीं हो।
प्रशिक्षण में जनगणना प्रशिक्षक मनोज कुमार महिलांगे, सहायक संचालक द्वारा बताया गया कि जनगणना 2027 पूर्णतः डिजिटल होगा। जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना से संबंधित 40 प्रश्न पूछ कर जानकारी ऑनलाइन (सीएमएमएस) पोर्टल में भरेगें। ऑनलाइन (सीएमएमएस) पोर्टल के संबंध में तकनीकी बारीकियों को बताया गया। उक्त प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), समस्त चार्ज अधिकारी ग्रामीण (तहसीलदार), नगरीय निकाय से समस्त मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा उनके डीलिंग स्टाफ शामिल हुए। श्रीमती मधु साहू, अति जिला जनगणना अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण समाप्ति उपरांत उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
