पखांजूर-एस्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय हरनगढ़ में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर फूल-माला अर्पित कर एवं तिलक लगाकर पूजा-अर्चना के साथ की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपना सम्मान और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान भी किया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व तथा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
