मंदिरों में महाशिवरात्रि पर्व पर हुई पूजा अर्चना। 

सांस्कृतिक मंच ने कर्मघोंघेश्वर धाम में कराया भंडारा।

सुरेन्द्र मिनोचा

मनेंद्रगढ़/एमसीबी :- जिले भर में महाशिवरात्रि का पर्व शुक्रवार को बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में दिन भर ‘हर-हर महादेव ‘बम बम भोले के जयकारे गूंजते रहें। श्रद्धालुओं की ओर से मंदिरों में विशेष पूजन भी करवाये गये। लोगों ने भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए व्रत रखा और कथा श्रवण किया। दिन भर शिवालयों में श्रद्धालुओं की जल चढ़ाने को लेकर कतार लगी रहीं। लोगों ने बड़े श्रद्धाभाव से शिवलिंग पर दूध, दही गंगा जल चढ़ाया और बाबा भोलेनाथ से मन्नत मांगी।

कई शिवालयों में ढोल बाजों के साथ भजन गाते हुए शिव भक्त पहुंचे और पूरे विधि विधान से शिवालय पर जलाभिषेक किया। सिद्धबाबा मंदिर, घुटरीटोला शिव मंदिर,कर्मघोंघेश्वर धाम, कर्तारेश्वर मंदिर डंगौरा सहित अन्य शिवालयों में दिन भर शिव महिमा के भजन गूंजते रहें। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में जगह-जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

“महाशिवरात्रि पर्व पर सांस्कृतिक मंच ने कराया भंडारा”

महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को कर्मघोंघेश्वर धाम साल्ही में भी समाजसेवी संस्था मनेन्द्रगढ़ सांस्कृतिक मंच की ओर से समिति कार्यालय के सामने भंडारा कराया गया,जहां हजारों की संख्या में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भोग भंडारा ग्रहण किया। भंडारे से पहले मनेन्द्रगढ़ सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष निखिल अग्रवाल, रवि जायसवाल, राम सोनी सहित अन्य लोगाें ने शिव पूजन किया उसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया।