कलेक्टर श्री बीएस उइके ने नागरिकों का किया आभार
गरियाबंद – जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में प्रथम चरण (फेज-1) मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक सफलतापूर्वक संपादित किया गया। यह राष्ट्रीय महत्व का अभियान देश एवं राज्य के भविष्य के विकास की ठोस नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रथम चरण के दौरान प्रगणकों द्वारा जिले के सभी ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रत्येक मकान एवं परिवार से भारत सरकार द्वारा अधिसूचित 33 बिंदुओं पर जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से संकलित की गई। इनमें मकानों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाएं तथा परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी शामिल थी। संकलित समस्त आंकड़े भारत सरकार के सर्वर में सुरक्षित रखे गए हैं।
जनगणना 2027 का दूसरा चरण (फेज-2) जनसंख्या गणना के रूप में फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण का मकानसूचीकरण कार्य दूसरे चरण की जनसंख्या गणना के लिए आधार तैयार करता है, जिससे कोई भी मकान अथवा परिवार गणना से वंचित न रह जाए। जिले में यह कार्य 6 नगरीय निकायों एवं 7 तहसीलों के अंतर्गत 709 ग्रामों में संपादित किया गया। कार्य के सुचारू संचालन के लिए 7 ग्रामीण चार्ज एवं 6 नगरीय चार्ज बनाए गए थे। जिनके अंतर्गत 1168 मकानसूचीकरण गणना ब्लॉक गठित किए गए। जनगणना कार्य के लिए जिले में कुल 1204 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें प्रमुख जनगणना अधिकारी (कलेक्टर) सहित 6 जिला स्तरीय अधिकारी, 13 चार्ज अधिकारी, 2 मास्टर ट्रेनर, 25 फील्ड ट्रेनर, 990 प्रगणक तथा 167 पर्यवेक्षक शामिल रहे। जनगणना कार्य के दौरान जिले के समस्त क्षेत्रों को पूर्ण रूप से कवर किया गया तथा कहीं भी कोई क्षेत्र गणना से नहीं छूटा। घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करने के दौरान जिलेवासियों का अभूतपूर्व सहयोग प्राप्त हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई समस्त व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियमावली 1990 के प्रावधानों के तहत पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। इन आंकड़ों का उपयोग केवल नीति निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किया जाएगा तथा जनगणना प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भारत सरकार द्वारा निर्धारित समय पर आंकड़े जारी किए जाएंगे।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री बीएस उईके ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन पर जिले के सभी नागरिकों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि फरवरी 2027 में आयोजित होने वाले द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना में भी नागरिकों का इसी प्रकार सहयोग प्राप्त होगा।
