भारतीय युवा कांग्रेस के अकाउंट को फ्रीज करने का हुआ विरोध प्रदर्शन।
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़/एमसीबी :- कांग्रेस नेताओं ने पार्टी का बैंक अकाउंट फ्रीज किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया. इस दौरान भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और कांग्रेस को कमजोर करने का आरोप लगाया।भारतीय युवा कांग्रेस के अकाउंट को फ्रीज करने के विरोध में सोमवार को आयकर विभाग कार्यालय के सामने 11 बजे से धरना प्रदर्शन किया गया। जिसमें जिला कांग्रेस,ब्लॉक कांग्रेस,महिला कांग्रेस,युवा कांग्रेस,एन एस यू आई ,व्यापार कांग्रेस,सेवादल एवं कांग्रेस जन उपस्थित रहे,इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि, भाजपा के इशारे पर केन्द्रीय एजेंसियों ने कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को सील कर दिया है।इलेक्टोरल बॉन्ड घोटाला कर अपने बैंक खातों को भरने वाली भाजपा का डर जब कांग्रेस के नेताओं को तोड़कर भी खत्म नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी की गतिविधियों को रोकने के लिए ऐसा तुच्छ कदम उठाया गया। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा की तरह सिर्फ धनबल से नहीं चलती है।कांग्रेस नेत्री निर्मला चतुर्वेदी ने कहा कि, ‘गैरकानूनी तरीके से अगर कांग्रेस पर हमला किया जाएगा तो कांग्रेस लड़ेगी,हम डरने वाले नहीं हैं,कांग्रेस का हर कार्यकर्ता लड़ेगा।जिस कांग्रेस ने अंग्रेजों को लड़कर भगा दिया हम भाजपा से डरने वाले नहीं हैं। आज भाजपा देश में मुसलमानों को हिंदुओं से लड़ाकर वोट लेना चाहती है, देश उनको समझ चुका है।हफीज मेमन ने खाते फ्रीज किये जाने पर पर प्रतिक्रिया देते हुये कहा कि ‘कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज करना सत्ता का स्पष्ट दुरुपयोग है,कांग्रेस पार्टी ने हमेशा अपने शासकीय सिद्धांतों को बरकरार रखा है और विभिन्न चैनलों और अभियानों के माध्यम से जुटाए गए धन में पारदर्शिता बनाए रखी है,राजनीतिक विमर्श के इतिहास में किसी अन्य विपक्षी दल पर राजनीतिक प्रतिशोध की ऐसी ज़बरदस्त कार्रवाई कभी नहीं की गई।
