हिंदी पत्रकारिता दिवस पर ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा में होगी विशेष परिचर्चा
तिल्दा-नेवरा – हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा के मीडिया प्रभाग द्वारा गुरुवार, 4 जून 2026 को सायं 5 बजे से 7 बजे तक पत्रकार सम्मान समारोह एवं विशेष परिचर्चा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का विषय “वैश्विक शांति की आवश्यकता : मीडिया की भूमिका” रखा गया है, जिसमें वर्तमान समय में विश्व शांति स्थापित करने में मीडिया की जिम्मेदारियों एवं योगदान पर सार्थक चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र, सुना अस्पताल के पास, खरोरा रोड, तिल्दा में किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार आज विश्व अनेक प्रकार की चुनौतियों, संघर्षों, तनाव और वैचारिक विभाजन से गुजर रहा है। ऐसे समय में मीडिया केवल समाचारों का प्रसार करने वाला माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला एक सशक्त मंच भी है। यदि पत्रकारिता में सकारात्मकता, निष्पक्षता और मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता दी जाए तो वह सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और वैश्विक शांति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।कार्यक्रम में पत्रकार बंधुओं के समाज निर्माण, जनजागरण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में दिए जा रहे योगदान का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही मीडिया जगत से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच रचनात्मक संवाद के माध्यम से यह विचार-विमर्श होगा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता किस प्रकार समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बन सकती है।कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा के मीडिया प्रभाग द्वारा किया जा रहा है तथा इसमें तिल्दा-नेवरा नगर पालिका की पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन का विशेष सहयोग रहेगा। आयोजकों ने सभी पत्रकार बंधुओं एवं जागरूक नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण परिचर्चा का लाभ लेने और विश्व शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया है।
संपर्क : 9406009446
