साव जी हाथ-पैर कांग्रेस के नहीं बल्कि भाजपा का फूल रहा है – राशि महिलांग।

महासमुंद :- भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव द्वारा परिवर्तन यात्रा को लेकर कांग्रेस पर किए गए प्रहार पर कांग्रेस नेत्री और महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष  राशि त्रिभुवन महिलांग ने पलटवार किया है। उन्होंने  साव से कहा कि भाजपा के परिवर्तन यात्रा से न ही कांग्रेस का और न ही भूपेश बघेल को कोई फर्क पड़ने वाला है। भूपेश बघेल की जनहितैषी योजनाओं और देशभर में बढ़ी उनकी लोकप्रियता से  भाजपा नेताओं की जरूर हाथ-पांव फूल चुका है और सांसें भी उखड़ गई हैं। इसलिए राज्य में लगातार भाजपा के केंद्रीय नेताओं का दौरा हो रहा है।  महिलांग ने कहा अभी मैदान में भूपेश बघेल बेटिंग कर रहें है इसलिए भाजपा के पास फील्डिंग करने के सिवाय दूसरा विकल्प नहीं है। झीरम घटना पर भाजपा को कांग्रेस से सवाल करने की बजाए जवाब देना चाहिए। क्योंकि घटना के समय में राज्य में भाजपा की सरकार थी। सरकार को यात्रा की जानकारी होने के बाद सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया। जिसका खमियाजा हमे अपने 31 कांग्रेस नेताओं की जान गंवा कर चुकाना पड़ा। इस पर भाजपा जवाब देने की बजाए उल्टे कांग्रेस पर भाजपा कार्यकर्ताओं की टारगेट किलिंग का आरोप लगा रही है? भाजपा की कथनी और करनी दोनों में अंतर है। जिस तरह से भाजपा ने कुछ राज्यों में सत्ता हासिल की है उसे देखकर लगता है कि उन्हें लोकतंत्र पर विश्वास ही नहीं है वे तो सीधा विधायकों की खरीद फरोख्त कर सत्ता में आने की सोंच रखने वाली पार्टी है जिसका उदाहरण देश की जनता महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश में देख चुकी है।