महासमुंद – सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस अवसर पर बसना विधायक संपत अग्रवाल, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरीनंद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मांेगरा पटेल, जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, नगरीय निकायों के अध्यक्ष, प्रतिनिधि, सदस्य, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सांसद श्रीमती चौधरी ने कहा कि जिले में संचालित हो रहे स्कूलों, कॉलेजों में स्कूला बच्चों के परिवहन हेतु उपयोग में लाए जा रहे वाहनों की नियमित जांच करें, स्कूल बसों में ओवर लोड की शिकायत नहीं आनी चाहिए। नियमित अंतरात में फिटनेस जांच आवश्यक है। उन्होंने वाहनों में जीपीएस लगाने के भी निर्देश दिए। श्रीमती चौधरी ने पूर्व में चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं नवीन ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधारात्मक एवं स्थायी उपाय कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मालवाहक वाहनों में तिरपाल लगाकर लोडिंग करने के निर्देश दिए हैं। सड़क किनारे बैठे आवारा पशुओं को हटाने और सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करने के निर्देश भी दिए ताकि दुर्घटना की संभावना कम हो सके। बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र में ब्लैक स्पॉट के बारें में जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जिले में इस वर्ष हुए विभिन्न दुर्घटनाओं का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि जिले के दुपहिया चालकों को हेलमेट एवं कार चालकों को सीट बेल्ट का उपयोग किए जाने प्रेरित एवं जागरूक किया जा रहा है। साथ ही कार्रवाई के दौरान माह जनवरी से मई 2026 तक बिना हेलमेट के वाहन चलाने वाले 8740 लोगों से समन शुल्क 43 लाख 70 हजार एवं सीट बेल्ट का उपयोग न करने वाले 340 कार चालकों से एक लाख 70 हजार समन शुल्क वसूला गया है। जिला परिवहन अधिकारी श्री प्रतीक शुक्ला ने बताया कि स्कूल खुलने से पहले 92 स्कूल बसों का भौतिक निरीक्षण किया गया है, निरीक्षण के दौरान 2 स्कूलों बसों पर चालानी कार्रवाई कर 6 हजार रुपए शमन शुल्क प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि जिले में 5 नवीन ब्लैक स्पॉट चिन्हित किया गया है, जिसका लोक निर्माण विभाग द्वारा आवश्यक सुधारात्मक उपाय किया जा रहा है।सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने भी अपील की है कि वाहन चलाते समय नशा न करें। साथ ही सड़क दुर्घटना से बचने के लिए दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का एवं चार पहिया में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। साथ ही अपने परिवार और नजदीकी रिश्तेदारों को भी अवगत कराएं।
