बीजापुर – कलेक्टर विश्वदीप के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा शासन की पीएम राहत (PM-RAHAT) योजना का लाभ दिलाने के लिए संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 जून 2026 को सड़क दुर्घटना में घायल हुईं महिला मंगली मड़वी एवं चंद्रिका मड़वी, निवासी ग्राम अक्कनकोंटा, को 17 जून 2026 को जिला चिकित्सालय बीजापुर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों द्वारा दोनों मरीजों का आवश्यक उपचार प्रारंभ कर दिया गया है। साथ ही पात्रता के अनुसार दोनों हितग्राहियों को पीएम राहत (PM-RAHAT) योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी तत्काल शुरू कर दी गई है।कलेक्टर श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार एसडीएम एवं जिला पीएम राहत योजना नोडल अधिकारी जोगेश्वर कौशल तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. पुजारी द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी अनावश्यक विलंब के उपचार के साथ-साथ योजना का लाभ भी प्राप्त हो।जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंचाने में सहयोग करें। समय पर उपचार और शासन की योजनाओं का लाभ मिलने से पीड़ितों के जीवन की रक्षा के साथ-साथ उनके परिवारों को आर्थिक सहायता भी प्राप्त होती है।उल्लेखनीय है कि पीएम राहत (PM-RAHAT) योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराकर निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है। योजना के तहत प्रति पीड़ितों को 1.5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार का प्रावधान है, जिससे दुर्घटना प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिलती है।
