सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ः- नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय विजय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल में हिन्दी दिवस के उपलक्ष में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए।जहां समान नागरिक संहिता विषय पर वादविवाद, चित्रकला एवं कविता पाठन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।हिंदी दिवस का यह कार्यक्रम विगत 17 वर्षों से पर्यावरण के क्षेत्र में कार्यरत, राष्ट्रीय हरित वाहिनी के पूर्व जिला समन्वयक, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पूर्व व्याख्याता सतीश उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का आरम्भ विद्या की देवी सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना से हुआ। मुख्य अतिथि के स्वागत में संस्था की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।संस्था सचिव संजय सेंगर द्वारा अतिथि का स्वागत तिलक लगा एवं स्मृतिचिन्ह प्रदान कर किया गया। अतिथि सतीश उपाध्याय ने हिन्दी की प्राचीन महत्ता को बताया।

उन्होनें कहा कि यह हमारी मातृभाषा है और इस पर हमें गौरव होना चाहिए।संस्था के शिक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने भी हिन्दी के महत्व और उपयोगिता पर प्रकाश डाला।हिन्दी दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में संस्था के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया ।

इस प्रतियोगिता में कविता पाठन में कक्षा 12वीं के तरूण ताम्रकार प्रथम, कक्षा 10वीं के प्रियांशु सिन्हा द्वितीय एवं कक्षा 12 के ही रोहित राज गुप्ता तृतीय रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता में पक्ष में प्रियांशु सिन्हा प्रथम एवं कक्षा 9वीं की छात्रा आन्जनेया गुप्ता द्वितीय एवं विपक्ष में कक्षा 12वीं की श्रुति रोहरा प्रथम एवं कक्षा दसवी की आफिया अंसारी द्वितीय रहीं।चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा छठवीं की श्रेया सिंह प्रथम, अयान खान द्वितीय एवं त्रिशा पटेल तृतीय रहीं।कार्यक्रम के अंत में संस्था की शिक्षिका अरूणिमा सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मंच का संचालन शिक्षिका शारदा बरसैंया ने किया। इस पूरे कार्यक्रम में शिक्षिका पूनम सोरेन, रेखा निषाद, शिक्षक निशांत मौर्य, गुमान सिंह एवं प्रमोद कुमार शुक्ला का विशेष सहयोग रहा।
