
राजिम :- अखिल विश्व भारतीय गायत्री शक्तिपीठ शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वाधान में आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2022-23 में ब्लॉक व जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान लाने वाले छात्र- छात्राओं का सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन गायत्री शक्तिपीठ राजिम में सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एच.एल. साहू जिला प्रभारी व सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक मिश्रा सह प्रभारी छुरा, पूरन लाल साहू प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजली, चंद्रलेखा गुप्ता मुख्य ट्रस्टी गायत्री शक्तिपीठ राजिम व टीकमचंद सेन ब्लॉक समन्वयक फिंगेश्वर उपस्थित थे।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के द्वारा मां गायत्री के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित व श्रीफल फोड़कर किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत रोली चंदन से टीका लगाकर किया गया।इस अवसर पर सत्र 2022-23 में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में ब्लाक व जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान लाने वाले छात्र छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, गायत्री मंत्र पट्टी एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।मुख्य अतिथि एच एल साहू ने कहा कि जीवन में शिक्षा का महत्व होता है शिक्षा के विकास से समाज, परिवार, गाँव व राष्ट्र की उन्नति संभव है।शिक्षा जीविकोपार्जन का साधन है एवं विद्या हमें जीवन देती है। अतःहमें शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति को भी नही भूलना चाहिए। पुस्तकीय ज्ञान के अलावा नैतिक शिक्षा भी जरूरी है। अशोक मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे पर माता पिता के संस्कार का प्रभाव पड़ता है आज हम अपनी संस्कार, एवं संस्कृति भूलते जा रहे हैं वही पाश्चात्य सभ्यता हमें पतन की ओर ले जा रही है। अतः हमें अपनी संस्कार व संस्कृति को नहीं भूलना चाहिए। टीकम चंद सेन ने कहा कि जीवन में संस्कार का बहुत महत्व है।संस्कार विहीन मनुष्य पशु के समान होता है। पूरन लाल साहू प्राचार्य ने कहा कि पूरे विश्व में भारत अपनी संस्कृति और परंपरा के लिए विख्यात है। भारत देश विभिन्न संस्कृति एवं परंपरा की भूमि है। उन्होंने आगे व्यक्तित्व विकास संस्कृति और संस्कार एवं चरित्र निर्माण पर बल देते हुए कहा कि मनुष्य को सकारात्मक सोच रखते हुए कार्य करना चाहिए तो निश्चित सफलता मिलती है। चंद्रलेखा गुप्ता ने कहा कि सम्मान पाने के लिए हमें दूसरों का सम्मान करना चाहिए क्यूंकि सम्मान ही मानव का सबसे बड़ा धन है। स्वागत उद्बोधन संतोष साहू ने किया।कार्यक्रम का संचालन महेंद्र कुमार साहू शिक्षक आभार व्यक्त नुकेश साहू जिला समन्वयक ने किया। इस अवसर पर रामाधार साहू, चेतन सिन्हा, संतोष साहू, दिनेश कुमार साहू, बलराम साहू, साधूराम, कुलेश्वर प्रजापति, देवेंद्र सिन्हा, तेजराम, गायत्री, सविता, दीपा, पूर्णिमा, लोकेश्वरी, कुलदीप भारती, होरीलाल साहू, मिथलेश दीवान, अश्वनी साहू, बलराम, रामकुमार साहू, शेखर यादव सहित गायत्री शक्तिपीठ के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
