करनाल – बिन्दर शर्मा
करनाल :- जिला पुलिस करनाल के थाना शहर के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी सेक्टर- 04 इंचार्ज उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह व उनकी सहयोगी टीम द्वारा दो महिलाओं व एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होने पहले तो थाना शहर में करनाल के एक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया और फिर उसी मामले की आड में उस व्यक्ति को डरा धमका कर उससे लाखों रूप्ये हडपने की वारदात को अंजाम दिया। करनाल के रहने वाले जिस व्यक्ति के खिलाफ आरोपियों ने दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था, उस व्यक्ति की पत्नी ने कल दिनांक 10 मार्च 2023 को पुलिस चौकी सेक्टर-04 में एक शिकायत दी। जिसमें उसने बताया कि मंगल कलोनी करनाल की रहने वाली एक लडकी ने उसके पति के खिलाफ दिनांक 07 मार्च 2023 को किसी साजिश के तहत थाना शहर में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद से ही वह लडकी, उसकी मां व उसका का पिता मामले की आड में डरा धमका कर उससे 30 लाख रूप्ये की मांग करने लगे और रूप्ये नही देने पर जेल भिजवाने की धमकी देने लगे। जिसके बाद पीडित पक्ष व आरोपियों के बीच में 18 लाख रूप्ये में सौदा हो गया। आरोपियों ने पिछले दो-तीन दिन में पीडित पक्ष से अलग-अलग समय पर 13.5 लाख रूप्ये ले लिए और बाकि 4.5 लाख रूप्ये भी जल्द देने की मांग करने लगे। ऐसा नही करने पर जेल भिजवाने की धमकी देने लगे। जिसके बाद पीडित पक्ष व आरोपियों में 4.5 लाख रूप्ये में से 4 लाख रुपए लेने के लिए दिनांक 10 मार्च को शाम का समय निश्चित हो गया। जिसके बाद इस संबंध में शिकायतकर्ता महिला के ब्यान पर थाना शहर में आरोपिया लडकी, उसकी मां व उसके पिता के खिलाफ नामजद धारा 384, 389 व 120 बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले में आरोपियों को रंगे हाथों पकडने के लिए पुलिस चौकी सेक्टर-04 इंचार्ज उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में टीम गठित की गई। टीम में महिला एएसआई सुदेश, मुख्य सिपाही बलवान, संदीप व विकास शामिल थे। इस कार्यवाही को अंजाम तक पंहुचाने के लिए डयूटी मजिस्ट्रेट की भी नियुक्ति करवाई गई। आरोपिया लडकी की मां व उसके पिता ने रूप्ये लेकर पीडित पक्ष को अपने घर से थोडी दूरी पर बुला लिया और लेनदेन करने लगे। उसी समय डयूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस टीम द्वारा मौका पाकर दबिश देकर लडकी की मां व उसके पिता को चार लाख रूप्ये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया व चार लाख रूप्ये की नगदी को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद दिनांक 11 मार्च को सुबह के समय वांछित आरोपिया लडकी को भी गिरफ्तार कर लिया गया और आरोपिया के कब्जे से पूर्व में ली गई रकम में से बहत्तर हजार रूप्ये की नगदी बरामद की गई। आरोपियों से पूछताछ में जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी थाना शहर में दर्ज दुष्कर्म के मामले की आड में पीडित पक्ष को ब्लैकमेल कर रहे थे और बार-बार रूप्यों की मांग कर रहे थे। तीनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जंहा से आरोपिया लडकी व उसकी मां को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और लडकी के पिता को दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है। दौराने रिमाण्ड आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी व पूर्व में ली गई बकाया रकम को भी बरामद किया जाएगा और मामले की गहनता से जांच की जाएगी। इसके अलावा थाना शहर में दर्ज दुष्कर्म के मामले में भी गहनता से जांच जारी है।
