वैदिक मंत्रों के साथ की गई ज्ञान की देवी मां शारदे की स्तुति

मुड़ागाव (कोरासी) :- आदर्श ग्राम लोहझर के मां शाकंभरी मंदिर प्रांगण में गणतंत्र दिवस एवं बसंत पंचमी के पावन पर्व पर दीप यज्ञ किया गया। प्रतिवर्ष बसंत पंचमी के अवसर पर ग्राम में आध्यात्मिक आयोजन किया जाता है। इस वर्ष संयोगवश राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की 73 वीं वर्षगांठ एवं बसंत पंचमी का त्यौहार एक ही दिन था। जिसके कारण दुगुने उत्साह से यह आयोजन किया गया। बसंत पंचमी को विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां बागेश्वरी का प्राकट्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। मां शारदे को पीला वस्त्र, सुगंधित एवं पीले पुष्प, आम्र मंजरी बहुत ही प्रिय है। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर जन कल्याण, आरोग्य की प्राप्ति की मंगल कामना हेतु योगविद अर्जुन धनंजय सिन्हा द्वारा ॐ की पवित्र आकृति में सुसज्जित कर वैदिक मंत्रों के साथ दीप यज्ञ कराया गया। भजन, कीर्तन, दीप यज्ञ उपरांत मां शाकंभरी, मां गायत्री एवं ब्रह्मलीन गुरुदेव सिया भुनेश्वरी शरण जी की आरती की गई। दीप यज्ञ के साथ ही ग्राम की होनहार बालिका अंतरा साहू का जन्म दिवस संस्कार भी मनाया गया। ग्राम के वरिष्ठ नागरिक एवं सेवानिवृत्त प्रधान पाठक धनीराम यदु व अशोक कुमार वर्मा ने राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस और बसंत पंचमी की महत्ता पर सारगर्भित शब्दों में उद्बोधन दिया। दीप यज्ञ एवं आध्यात्मिक नैतिक समारोह के आयोजक श्रीमती संतोष यदु, शंकर लाल यदु तथा ग्रामवासी थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हेमलाल पटेल ने किया। शिक्षक योगेश पटेल, भोज पटेल, देवनारायण यदु, हुबलाल पटेल, धनीराम ध्रुव, तुलसी दुबे, चित्ररेखा पटेल, निर्मला वर्मा, रम्भा यदु, यमुना पटेल, चित्ररेखा बाई, अरुणा पटेल, ममता यदु, ईश्वर यदु, अनुपा, हिमांशी, आकांक्षा, लुभावना, पलक, दाक्षी सहित ग्राम वासियों ने मंगल दीप यज्ञ का लाभ दिया।
