पुलिया निर्माण में लगे वाहनों को नक्सलियों ने किया आग के हवाले ।

सुकमा – जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्रान्तर्गत चिंतलनार-मोरपल्ली के मध्य कोत्तागुड़ा में नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाते हुए पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण पर लगे दो वाहनों को आग के हवाले कर जमकर उत्पात मचाया। वहीं पुलिस ने इसे ठेकेदार की लापरवाही बताया। बहरहाल, घटना सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को दोपहर के तकरीबन 2 बजे चिंतलनार-मोरपल्ली मार्ग पर सड़क निर्माण पर लगे पिकअप व ट्रैक्टर को 10 से अधिक नक्सलियों ने साधारण वेशभूषा में पहुंचकर आग के हवाले कर डाला। मिली जानकारी अनुसार निर्माणाधीन सड़क पीएमजीएसवाई की सड़क है जिसके ठेकेदार कासिम हैं। सम्बंधित सड़क पर पुलिया निर्माण कार्य चल रहा था, जिसमें दोनों गाड़ियां लगी हुई थी।  जगरगुंडा एसडीओपी विजय राजपूत बताया कि ठेकेदारों को पहले ही बिना किसी सुरक्षा के निर्माण कार्य को न करने की हिदायत दी गई थी इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा बिना सुरक्षा व्यवस्था के उक्त स्थान पर पुलिया निर्माण कार्य करवाया जा रहा था। ठेकेदार की इसी लापरवाही के चलते यह घटना हुई है।