स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल हरनगढ़ में 47 छात्राओं को मिली साइकिल, विधायक विक्रम उसेंडी ने किया वितरण

पखांजूर – स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल हरनगढ़ में सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक विक्रम उसेंडी ने विद्यालय की 47 छात्राओं को साइकिल वितरित की।इस अवसर पर विधायक ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों, शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों को होने वाली समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की शिक्षा संबंधी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंचाया जाएगा तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना तथा उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है।कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष दीपांकर दत्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय बाछाड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि इस योजना से छात्राओं की शिक्षा में निरंतरता आएगी और विद्यालय छोड़ने की दर में कमी लाने में मदद मिलेगी।विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही हैं।