विधायक अजय चंद्राकर की पहल से क्षेत्र में राजस्व सुविधाओं का होगा विस्तार, नागरिकों को मिलेगी बेहतर कार्यालयीन सुविधा
धमतरी – जिले के कुरूद क्षेत्र में राजस्व सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य शासन ने कुरूद में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय भवन और तहसील कार्यालय के नवीन भवन के निर्माण के लिए कुल 2 करोड़ 50 लाख 4 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। इन भवनों के निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर कार्यालयीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, कुरूद में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ 25 लाख 2 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार, कुरूद तहसील कार्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए भी 1 करोड़ 25 लाख 2 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
तीन तहसीलों में बनेंगे नए कार्यालय भवन
राज्य शासन द्वारा कुरूद (जिला धमतरी) के अलावा तपकरा (जिला जशपुर) और घरघोड़ा (जिला रायगढ़) में भी नवीन तहसील कार्यालय भवनों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इन तीनों भवनों के निर्माण के लिए कुल 3 करोड़ 75 लाख 6 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक तहसील कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 1 करोड़ 25 लाख 2 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
राजस्व सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
विधायक श्री अजय चंद्राकर ने कुरूद में एसडीएम एवं तहसील कार्यालय के नवीन भवनों के निर्माण के लिए राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन भवनों के निर्माण से क्षेत्र में राजस्व प्रशासन की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। साथ ही, आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शासकीय कार्यों के संचालन में भी सहूलियत होगी।
नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधा
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि एसडीएम एवं तहसील कार्यालय के नवीन भवनों के निर्माण से अनुविभाग और तहसील स्तर पर प्रशासनिक अधोसंरचना मजबूत होगी। कार्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से राजस्व प्रकरणों के निराकरण, शासकीय कार्यों के संचालन और आम नागरिकों को सेवाएं प्रदान करने में सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य शासन का उद्देश्य नागरिकों को सुगम, सुलभ और बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। नवीन कार्यालय भवन इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मांग संख्या-67 के अंतर्गत इन भवनों का निर्माण लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। कुरूद में एसडीएम एवं तहसील कार्यालय के नवीन भवनों का निर्माण क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार और राजस्व व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
