मुख्यमंत्री ने नवीन शैक्षणिक सत्र और शाला प्रवेश उत्सव की दी शुभकामनाएँ

16 से 27 जून तक चलेगा शाला प्रवेश उत्सव, प्रत्येक बच्चे के नामांकन और नियमित अध्ययन पर जोर

पीएम श्री एवं विवेकानंद विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण और तकनीक-संपन्न शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

गरियाबंद – मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर प्रदेश के समस्त विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा शिक्षा से जुड़े सभी साथियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे सशक्त आधार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी विद्यालय 16 जून 2026 से नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रारंभ हो रहे हैं। इस दौरान 16 जून से 27 जून 2026 तक शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान में प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा प्रत्येक बालक-बालिका का विद्यालय में प्रवेश एवं नियमित अध्ययन सुनिश्चित हो।उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को पत्र प्रेषित कर कहा है कि वे अपने क्षेत्र के किसी भी विद्यालय में सुविधानुसार किसी एक दिवस उपस्थित होकर इस अभियान में सहभागी बनें तथा ऐसे बच्चों की पहचान एवं नामांकन हेतु प्रेरित करें, जो अभी तक विद्यालय से नहीं जुड़े हैं अथवा बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विद्यालयीन शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जा रहा है। पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से उत्कृष्ट शिक्षण वातावरण विकसित किया जा रहा है तथा वर्ष 2026 से 150 विवेकानंद विद्यालयों की स्थापना कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए मानक स्थापित किए जा रहे हैं। नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शासकीय विद्यालयों को आधुनिक, तकनीक संपन्न एवं छात्र केंद्रित संस्थानों के रूप में विकसित किया जा रहा है।विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश तथा बालिकाओं के लिए सरस्वती साइकिल जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनभागीदारी से हम इस अभियान को सफल बनाते हुए प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा का अधिकार पहुँचाने में सफल होंगे।