सीएमओ साहब – सड़क बनवा दो या स्कूलों की छुट्टी करवा दो -स्कूली बच्चों की गुहार 

 मामला – किरंदुल के स्टील फुट ओवर ब्रिज के समीप की सड़क जगह जगह धंसी 

 पालिकाध्यक्ष ने कलेक्टर से की मुलाकात – कल जिला प्रशासन और रेलवे विभाग करेगा स्थल मुआयना 

 लगातार बारिश से पानी ने सड़क को किया अंदर से खोखला 

महाविद्यालय ,शासकीय स्कूल, प्रकाश विद्यालय ,डी ए वी के छात्र इसी सड़क का करते हैं इस्तेमाल 

किरंदुल — किरंदुल नगर में तीन दिन से जारी लगातार मूसलाधार बारिश ने आखिरकार किरंदुल पालिका प्रशासन के कार्यो की पोल खोल ही दी ।उल्लेखनीय हैं कि किरंदुल नगर के दो भागों को जोड़ने वाले एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के सेंट्रल स्टोर के समीप स्थित रेलवे लाइन के ऊपर बने स्टील फुट ओवर ब्रिज के समीप की सड़क बारिश के कारण अंदर से खोखली होती जा रही हैं ।साथ ही बारिश ने कई जगहों पर सड़को पर बड़े बड़े गड्डों को भी निर्मित कर दिया है जिस कारण रोजाना पैदल चलकर स्कूलों और कॉलेजों में जाने वाले बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है जिस कारण किसी भी दिन किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है । एक तरफ मूसलाधार बारिश और दूसरी तरफ जानलेवा सड़क को लेकर किरंदुल के स्कूली बच्चों ने किरंदुल नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी से गुहार लगाई है कि साहब या तो सड़क बनवा दो या फिर बारिश के कहर तक स्कूलों की छुट्टियां करवा दो ।

शशि भूषण महापात्र – सीएमओ किरंदुल पालिका 

-सीएमओ से कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई पर उन्होंने मोबाईल उठाना मुनासिब नहीं समझा ।

रूबी शैलेंद्र सिंह – किरंदुल पालिकाध्यक्ष

इस मुद्दे को लेकर आज कलेक्टर सर से मुलाकात हुई है ।कल जिला प्रशासन ,रेलवे प्रशासन की संयुक्त टीम उक्त स्थल का मुआयना कर समस्या का निदान करेंगे ।