( गाड़ी में सवार हनुमानजी की गदा बनी आकर्षण का केंद्र )
( हनुमान जन्मोत्सव समिति के तत्वाधान में हुए धार्मिक कार्यक्रम )
किरंदुल — लोह नगरी किरंदुल में इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर हनुमान जन्मोत्सव समिति के तत्वाधान में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया । नगर परिवार के सहयोग एवं भगवान हनुमान जी के आशीर्वाद से हर वर्ष की भांति इस बार भी लोहनगरी किरंदुल में भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई । हनुमान जन्मोत्सव पावन पर्व पर शोभायात्रा रिंग रोड क्रमांक-04 कोडेनार से प्रारंभ होकर बंगाली कैम्प ,रामपुर कैम्प , गाडर पुलिया ,बस स्टैंड से श्री राघव मंदिर के प्रवेश द्वार पर पहुंची जहां राघव मंदिर के प्रधान पुजारी के द्वारा पूजा अर्चना की गई तत्पश्चात शोभायात्रा बैंक चौक ,फुटबॉल ग्राउंड के समीप स्थित शीतला माता मंदिर से होते हुए गांधी नगर के समीप स्थित हनुमान टेकरी पहुंची जहां हनुमान टेकरी की समिति और भक्तों के द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया । इस दौरान जगह जगह हनुमानजी की शोभायात्रा का पुष्प वर्षा से स्वागत भी किया गया ।पूरे नगर का भ्रमण करने के बाद गांधी नगर स्थित हनुमान टेकरी में इस शोभा यात्रा का समापन हुआ ।
