सीआईएसएफ के जवान ने वर्षो पूर्व पूर्वजों की याद में बैरक के अंदर बनाया था मंदिर
बैरक के स्थानांतरण पश्चात नगर वासियों ने संभाला मंदिर का जिम्मा
किरंदुल — लौह नगरी किरंदुल एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के फुटबॉल ग्राउंड के समीप स्थित शशि शिखर शिवालय फुटबॉल ग्राउंड में 18 फरवरी को भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया । इस पावन अवसर को लेकर मंदिर परिसर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थी । आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में भक्तों ने शामिल हो कर भगवान भोलेनाथ का प्रसाद ग्रहण किया । मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश साहू ने बताया कि सुबह विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई । इसके बाद दोपहर से महाभंडारे का आयोजन किया गया । जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद के रूप में महाभण्डारे की व्यापक व्यवस्था की गई थी ।
उल्लेखनीय हैं कि एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के खदानों की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल सीआईएसएफ इकाई किरंदुल के पुराने बैरक में सीआईएसएफ के जवान ने वर्षो पूर्व अपने पूर्वजों की याद में बैरक के अंदर ही शिवालय का निर्माण किया था ।समय के साथ नई बैरक के निर्माण होने पर सीआईएसएफ के जवानों का स्थानांतरण नए बैरक में किया गया । तत्पश्चात मंदिर के सूनेपन को देखते हुए शशि शिखर शिवालय नामक समिति का निर्माण करते हुए उक्त शिवालय का नामकरण भी शशि शिखर शिवालय दिया गया ।जिसमें प्रति वर्ष महाशिवरात्रि पर्व पर महाभण्डारे का आयोजन नगर वासियों के सहयोग से किया जाता है ।
