विद्यार्थियों ने जाना कांकेर जिले का शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक वैभव

सेंट्रल लाइब्रेरी, मावा मोदोल कोचिंग संस्थान एवं कोयाबाना आदिवासी संग्रहालय का किया अवलोकन

 कांकेर – विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, ज्ञानवर्धन एवं जिले की शैक्षणिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा कांकेर जिले के प्रमुख शैक्षणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस दौरान पीएम श्री शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगारभाट, शासकीय माध्यमिक शाला भंडारीपारा सहित शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं सेंट माइकल हायर सेकेंडरी स्कूल, गोविंदपुर के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण में सहभागिता की।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सेंट्रल लाइब्रेरी कांकेर, मावा मोदोल कोचिंग संस्थान सह केंद्रीय पुस्तकालय तथा कोयाबाना आदिवासी संग्रहालय एवं प्रवेश द्वार का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने इन संस्थानों की कार्यप्रणाली, विशेषताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्रीय पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित कोचिंग व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों को करीब से जाना। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने कोयाबाना आदिवासी संग्रहालय का अवलोकन कर जिले की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, रहन-सहन एवं ऐतिहासिक विरासत के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्हें कांकेर जिले की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और शैक्षणिक प्रगति को समझने का अवसर मिला। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना, अध्ययन के प्रति रुचि विकसित करना तथा अपने जिले की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिचित कराना रहा। इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर प्रत्यक्ष अनुभवों के माध्यम से सीखने और अपने आसपास की गतिविधियों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। शिक्षा विभाग द्वारा जिले में उपलब्ध शैक्षणिक संस्थानों, पुस्तकालयों एवं ज्ञानवर्धक केंद्रों को विद्यार्थियों के अध्ययन, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा के उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।