नयापारा व सुभाष नगर में पुलिस सहायता केंद्र खोलने की मांग लेकर गृहमंत्री से मिले नपाध्यक्ष।

महासमुंद – नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने आज महासमुंद प्रवास पर  पहुंचे गृहमंत्री श्री विजय शर्मा से मुलाकात कर शहर के दो स्थानों पर पुलिस सहायता केंद्र (चौकी) खोलने की मांग की है। इस बाबत श्री साहू ने गृहमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा है। श्री साहू ने मंत्री को बताया कि शहर के नयापारा बुगलु चाैक वार्ड क्र. 07 में कुछ वर्ष पहले पुलिस सहायता केंद्र (चाैकी) खोला गया था। जो वर्तमान में बंद है। नयापारा क्षेत्र में बढ़ते अपराध को रोकने तथा अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर निगरानी रखने के लिए इस पुलिस सहायता केंद्र की खोलने की सख्त आवश्यकता है। इस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के चलते नयापारा क्षेत्र के विभिन्न वार्ड के नागरिकों ने बंद पड़े उक्त पुलिस सहायता केंद्र को पुन: शुरू करने की मांग की है। अत: नागरिक हित में अपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस सहायता केंद्र नयापारा को पुन: शुरू करने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करें। इसी प्रकार शहर के सुभाष नगर एरिया में भी एक पुलिस सहायता केंद्र खोलने की महती आवश्यकता है। इस क्षेत्र में भी अपराधिक घटनाएं अकसर सामने आते रहता है। अवैध कारोबार, नशावृत्ति, नशीली सामग्रियों की बिक्री जैसे अवैधानिक कृत्योंको रोकने तथा क्षेत्र में शांति स्थापित करने सुभाष नगर में भी एक पुलिस सहायता केंद्र (चाैकी) खोलने की अनुमति प्रदान करने की मांग श्री साहू ने की।