पालिका अध्यक्ष ने दी एनयूएलएम प्रभारी को निर्देश।
महासमुंद – नगर के विभिन्न उद्यानों, शासकीय दफ्तरों, सहित सार्वजनिक स्थलों व वार्डों के रिक्त पड़े स्थानों पर अब पालिका द्वारा पौधारोपण किया जाएगा। रोपे गए पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी शहर के महिला स्व सहायता समूहों को दी जाएगी।पौधारोपण की तैयारी के लिए आज नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने एनयूएलएम के प्रभारी श्री तिवारी से चर्चा कर कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अमृत मिशन 2.0 योजनांतर्गत वूमेन फॉर ट्री के तहत एनयूएलएम के संयुक्त तत्वावधान में पालिका द्वारा शहर में 5 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष श्री साहू महिला समितियों को पौधे उपलब्ध कराएंगे। समूह की महिलाओं द्वारा चयनित स्थलों पर पौधे रोपे जाएंगे। पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि पौधारोपण का यह कार्य शहर को हरियर महासमुंद बनाने की दिशा में एक बेहतर प्रयास साबित होगा। उन्होंने बताया कि महिला बहनों द्वारा चिन्हित स्थलों में संजय कानन, शास्त्री चौक रोड, स्वामी आत्मानंद स्कूल, कलेक्ट्रेट परिसर डीईओ ऑफिस परिसर, मुक्तिधाम सहित सभी वार्डों के खाली भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा।नपाध्यक्ष ने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम है जो नगर को हरित भविष्य के साथ नगर की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को भी प्रोत्साहित करती है। अगामी माह से वृक्षारोपण किये जाने की तैयारी के लिए महिला समूह की बहनों को उन्होंने अभियान की सफलता हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की है। तथा अभियान को सुचारू रूप से संचालित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
